बलौदा बाजार

सीमेंट संयंत्र में ऊंचाई से गिरने से मजदूर की मौत
09-Jun-2026 7:14 PM
सीमेंट संयंत्र में ऊंचाई से गिरने से मजदूर की मौत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 9 जून। ग्राम रवान स्थित सीमेंट संयंत्र में सोमवार को ठेका मजदूर की ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में अक्रोश हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ठेका श्रमिक हेम प्रकाश खुटे सोमवार सुबह रोज की तरह ड्यूटी पर गया था। बताया जा रहा है कि वह संयंत्र की सातवीं अथवा नौवीं मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस घटना के वास्तविक कारणों की जांच कर रही हैं।

मृतक के परिजनों ने कंपनी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि घटना की सूचना उन्हें समय पर नहीं दी गई। जब वे संयंत्र पहुंचे तो उन्हें अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। परिजनों का आरोप है कि मौत के बाद शव को जल्दबाजी में रायपुर भेज दिया गया।

बलौदा बाजार के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तकनीकी साक्षय और प्रत्ययदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 पीडि़त परिवार की दैनिक आर्थिक स्थिति को देखते हुए परिजनों और ग्रामवासियों ने छत्तीसगढ़ सरकार व जिला प्रशासन से उचित मुआवजे और मदद की गुहार लगाई हैं। ग्रामीणों की मांग है कि बच्चों के बेहतर पालन पोषण और शिक्षा के लिए शासन उचित व्यवस्था करें।

परिवार के किसी एक सदस्य को योग्यता अनुसार रोजगार दिया जाए। पीडि़त परिवार को तत्काल उचित राशि मुआवजा राशि प्रदान की जाए ताकि उसकी आर्थिक स्थिति सुधर सके।

लगातार हो रही दुर्घटनाओं से बड़ी चिंता

रवान स्थित सीमेंट संयंत्र में पिछले तीन माह के दौरान कई गंभीर घटनाएं सामने आ चुकी हैं।

1. सबसे पहले 22 मार्च को संयंत्र के एक सुरक्षा गार्ड द्वारा एक नाबालिग बालक के साथ कथित रूप बेरहमी से मारपीट करने का मामला सामने आया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया था।

2. इसके बाद 3 मई को संयंत्र से जुड़े खदान में ब्लास्टिंग के दौरान उड़ कर आए पत्थर से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया था। पत्थर लगने से उसका जबड़ा टूट गया था। मामले में पुलिस ने संयंत्र प्रबंधन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत अपराध दर्ज कर जाचं शुरू की थी।

3. फिर 6 मई को संयंत्र के वर्कशॉप में कार्यरत 21 वर्षीय कर्मचारी हिमांशु साहू रेडिएटर में पानी डालते समय अचानक निकली गर्म भाप की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया था। उसे अस्पताल के बर्न यूनिट में भर्ती कराया पडा था।

4. और अब हेम प्रकाश खुटे की ऊंचाई से गिरने से मौत हो गई।


अन्य पोस्ट