बलौदा बाजार

देखरेख के अभाव में उद्यान हो रहे बदहाल, बुनियादी सुविधाओं की कमी और तोडफ़ोड़-चोरी
09-Jun-2026 4:19 PM
देखरेख के अभाव में उद्यान हो रहे बदहाल, बुनियादी सुविधाओं की कमी और तोडफ़ोड़-चोरी

लोगों ने की पालिका से की जीर्णोद्धार और सुरक्षा की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 9 जून। जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के प्रमुख उद्यानों में रखरखाव की कमी और सुरक्षा व्यवस्था न होने के कारण स्थानीय नागरिकों, विशेषकर बच्चों और बुजुर्गों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि समुचित देखरेख न होने से पार्कों की हरियाली प्रभावित हो रही है और सुरक्षा के अभाव में वहां लगे उपकरणों की चोरी व तोडफ़ोड़ के मामले सामने आ रहे हैं।

स्थानीय नागरिकों और प्रात: काल भ्रमण पर आने वाले लोगों के अनुसार, नगर के कई प्रमुख उद्यानों की स्थिति वर्तमान में ठीक नहीं है।  मिनीमाता महाविद्यालय के सामने स्थित बगीचे का फव्वारा लंबे समय से बंद पड़ा है और वहां स्थापित प्रतिमा भी क्षतिग्रस्त हो चुकी है। इसके अलावा रामसागर तालाब के पीछे गौरव पथ गार्डन और हाई स्कूल के पीछे के उद्यानों में भी हरियाली की कमी देखी जा रही है। पंडित चक्रपाणि हाई स्कूल की ओर स्थित उद्यान की बाउंड्रीवॉल और लोहे की ग्रिल को अज्ञात तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाया गया है। इसके साथ ही पार्क में लोगों के व्यायाम (कसरत) के लिए लगाए गए लोहे के उपकरण भी गायब हो चुके हैं।

स्थानीय नागरिकों  ने शिकायत की है कि पर्याप्त सुरक्षा और निगरानी न होने के कारण शाम और रात के समय उद्यानों में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा रहता है। इसके कारण पार्कों में शराब की खाली बोतलें, डिस्पोजल ग्लास और गंदगी बिखरी रहती है, जिससे आम जनता को परेशानी होती है।

बुजुर्गों और स्थानीय नागरिकों के अनुसार, जिला निर्माण के पूर्व नगर में रामसागर तालाब किनारा, रिसदा रोड, पंचशील नगर, वार्ड क्रमांक 4 व 7 की पुष्प वाटिका, सिविल लाइन गार्डन और अंबेडकर चौक गार्डन सहित आधा दर्जन से अधिक सक्रिय उद्यान एवं पुष्प वाटिकाएं थीं, जहां बच्चों के लिए झूले और फिसलपट्टी की व्यवस्था थी।

 नागरिकों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों में वार्डों और मुख्य सडक़ों के चौड़ीकरण व कांक्रीटीकरण के चलते बड़ी संख्या में पेड़ काटे गए हैं, जिससे हरित क्षेत्र कम हुआ है। लगभग दो दशक पूर्व अंबेडकर चौक स्थित पंडित रविशंकर शुक्ल उद्यान के स्थान पर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण करा दिया गया था।

हालांकि, नागरिकों ने यह भी कहा कि वर्तमान पालिका अध्यक्ष द्वारा नवनिर्मित चौपाटी और कुछ अन्य निर्धारित स्थलों पर वृक्षारोपण कराया गया है, परंतु शहर के पर्यावरण संतुलन को बेहतर बनाने के लिए अभी और व्यापक प्रयासों की आवश्यकता है।

जिला मुख्यालय को व्यवस्थित और हरा-भरा बनाए रखने के लिए नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि  उद्यानों की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों पर रोक लगाने के लिए नियमित चौकीदारों की नियुक्ति की जाए। पौधों को सूखने से बचाने के लिए नियमित रूप से पानी देने और कटाई-छंटाई  के लिए कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय हो। जर्जर हो चुके उद्यानों, बंद पड़े फव्वारों और टूटे हुए झूलों का शीघ्र जीर्णोद्धार कराया जाए ताकि बच्चों को खेलने का सुरक्षित स्थान मिल सके।


अन्य पोस्ट