बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 9 जून। बलौदाबाजार और भाटापारा को जोडऩे वाले मुख्य मार्ग पर स्थित ग्राम अर्जुनी के पास बने स्पीड ब्रेकरों के धंसने के कारण दो पहिया और साइकिल सवारों के अनियंत्रित होने के मामले सामने आए हैं। स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग से इस मार्ग की मरम्मत और सुरक्षा संकेतक लगाने की मांग की है।
स्थानीय जानकारी के अनुसार, मुख्य मार्ग पर दो प्रमुख स्थानों मिर्गी मार्ग मोड़ के पास स्थित स्पीड ब्रेकर और टोनाटार तिग्गडा मोड़ के पास स्थित स्पीड ब्रेकर पर यह समस्या बनी हुई है।
गत दिनों मिर्गी मोड़ के पास एक मोटरसाइकिल के अनियंत्रित होकर गिरने की घटना हुई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार युवक-युवती गिर गए। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को सहायता पहुंचाई। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग की वर्तमान स्थिति से अपरिचित वाहन चालक अक्सर यहाँ असंतुलित हो जाते हैं।
फल विक्रेता रतिराम साहू के अनुसार इस मार्ग पर बने स्पीड ब्रेकर के धंस जाने और नाली का आकार ले लेने के कारण साइकिल और दो पहिया वाहनों के पहिए अनियंत्रित हो रहे हैं। इसके साथ ही सडक़ पर पर्याप्त चेतावनी संकेतक बोर्ड भी नहीं लगाए गए हैं।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि उचित सडक़ व्यवस्था और सुरक्षा उपायों के अभाव में इस मार्ग पर पूर्व में भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें लोगों को जान गंवानी पड़ी है।
ग्रामीणों ने मांग की कि धंसे हुए स्पीड ब्रेकरों और सडक़ के प्रभावित हिस्से का शीघ्र तकनीकी सुधार किया जाए। वाहन चालकों की सतर्कता के लिए मोड़ों और गति अवरोधकों के पास सुरक्षा चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाए जाएं। आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए एप्रोच रोड का निर्माण सुनिश्चित किया जाए।


