बलौदा बाजार

बस स्टैंड में विवाद, चाचा-भतीजे से मारपीट, आरोपी फरार
08-Jun-2026 6:49 PM
बस स्टैंड में विवाद, चाचा-भतीजे से मारपीट, आरोपी फरार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 8 जून। शहर के मुख्य बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय के पास बाइक की चाबी को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें दो अज्ञात युवकों ने एक युवक और उसके चाचा के साथ बेरहमी से मारपीट की। हमले में चाचा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर भेज दिया गया है।

घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीडि़त युवक की शिकायत पर दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। हालांकि घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक-5 निवासी आर्यन साहू रिसदा बायपास रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में कार्यरत है। शुक्रवार रात करीब 9.30 बजे वह रायपुर से बस के जरिए आने वाले सामान को लेने बलौदाबाजार बस स्टैंड पहुंचा था। बस का इंतजार करते समय उसने अपनी मोटरसाइकिल सुलभ शौचालय के पास खड़ी कर दी। इसी दौरान वहां मौजूद दो अज्ञात युवक उसकी बाइक के पास पहुंचे और मोटरसाइकिल की चाबी निकालकर अपने पास रख ली।

आर्यन ने जब युवकों से अपनी बाइक की चाबी वापस मांगी तो उन्होंने चाबी लौटाने से इंकार कर दिया। बताया जा रहा है कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में गाली-गलौज और मारपीट में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों युवकों ने आर्यन के साथ जमकर मारपीट की और उसे धमकाने का प्रयास किया।

आर्यन के साथ मारपीट होते देख उसके चाचा हरीश साहू बीच-बचाव के लिए पहुंचे। लेकिन हमलावरों ने उन पर भी हमला कर दिया। आरोप है कि आरोपियों ने किसी नुकीली धारदार वस्तु से वार कर हरीश साहू को गंभीर रूप से घायल कर दिया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोट लगने के कारण वे मौके पर ही लहूलुहान होकर गिर पड़े। घटना के दौरान आर्यन किसी तरह वहां से निकलकर परिजनों को सूचना देने पहुंचा।

जब आर्यन अपने परिजनों के साथ वापस घटनास्थल पर पहुंचा तो हरीश साहू गंभीर रूप से घायल अवस्था में जमीन पर पड़े मिले, जबकि आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। परिजनों ने तत्काल उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर रायपुर रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उनका इलाज रायपुर के अस्पताल में जारी है।


अन्य पोस्ट