बलौदा बाजार
केपीएल फाइनल में पहुंचे भाजपा नेता, खिलाडिय़ों में भरा जोश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 8 जून। रविवार को अपने गृह ग्राम खोखली में आयोजित केपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट के बेहद रोमांचक और उत्साहपूर्ण माहौल के फाइनल मुकाबले में भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा उपस्थित हुए और युवा खिलाडिय़ों का उत्साहवर्धन किया।
मैदान पर पहुँचते ही शिवरतन शर्मा ने खिलाडिय़ों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने युवा क्रिकेटरों की खेल प्रतिभा, कड़ी मेहनत और खेल के प्रति उनकी निष्ठा को करीब से देखकर प्रसन्नता जाहिर की। इस दौरान उन्होंने फाइनल में पहुंची दोनों टीमों के खिलाडिय़ों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और उत्कृष्ट खेल भावना के साथ निरंतर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया। विजेता एवं उपविजेता टीमों को बधाई देते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा कि हार-जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन मैदान पर दिखाया गया जज्बा ही असली जीत है।
शिवरतन शर्मा ने आगे कहा कि खेल मैदान केवल चौके-छक्कों का स्थान नहीं, बल्कि चरित्र निर्माण की पाठशाला है। यहाँ युवा अनुशासन सीखता है, गिरकर उठना सीखता है और कंधे से कंधा मिलाकर जीतना सीखता है।
उन्होंने कहा कि केपीएल जैसे आयोजन ग्रामीण अंचलों में छिपी हुई प्रतिभाओं के लिए वह सुनहरी खिडक़ी हैं जहाँ से उन्हें आगे बढऩे की प्रेरणा और मंच दोनों मिलते हैं। ऐसे टूर्नामेंट युवाओं में परिश्रम, टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं।
शिवरतन शर्मा ने समस्त खिलाडिय़ों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें निरंतर अभ्यास और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएँ दीं। साथ ही उन्होंने केपीएल आयोजन समिति का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समिति के अथक प्रयासों से ही खोखली में खेल क्रांति की यह अलख जगी है और क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की दिशा में यह एक सराहनीय पहल है। इस अवसर पर सरपंच, उपसरपंच, पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्त्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी, खेलप्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


