बलौदा बाजार
बलौदाबाजार, 7 जून। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के कसडोल विकासखंड अंतर्गत महानदी तट पर बसे वनग्राम दौनाझर एवं धिरधोल के ग्रामीण वर्षों से पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं। जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर स्थित इन गांवों तक पहुंचाने के लिए एक बड़े नाले को पार करना पड़ता हैं, जो बरसात के दिनों में उफान पर आ जाते हैं और आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता हैं।
ग्रामीणों के अनुसार बरसात में किसी व्यक्ति की तबीयत खराब होने पर उसे चार लोगों के सहारे उठाकर नाला पार कराना पड़ता है, वहीं स्कूली बच्चों को पढ़ाई के लिए जान जोखिम में डालकर ग्राम पुटपुरा तक पहुंचाना पड़ता हैं। यह नाला ग्राम पिपरछेड़ी की ओर से बहते हुए महानदी में अमेठी एनीकेट के लगभग 200 मीटर नीचे जाकर मिलता हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पुल निर्माण की मांग को लेकर कई बार जनदर्शन, सुशासन तथा अन्य माध्यमों से शासन प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। लगातार उपेक्षा के निराश ग्रामीणों ने अब स्वयं आगे बढक़र श्रमदान और आपसी सहयोग से स्थाई पुल निर्माण का निर्णय लिया हैं।
ग्राम दौनाझर के ग्रामीणों का कहना है कि पुल नहीं होने की सबसे बड़ी समस्या उन्हें ही झेलनी पड़ती हैं। इसलिए अब वे अपने संसाधनों और श्रम से पुल निर्माण का कार्य कर रहे हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यह पहल शासन प्रशासन के लिए भी एक सिख होगी कि बुनियादी सुविधाओं के अभाव में लोग किस प्रकार स्वयं समाधान खोजने की को मजबूर हो जाते हैं।
ग्रामीणों द्वारा श्रमदान से बनाए जा रहे हैं इस पुल के पूर्ण होने पर दौनाझर, धिरधोल संहित आसपास के ग्रामीणों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा बरसात के दिनों मे होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी। इस जन सहभागिता आधारित कार्य में पीतांबर पैकरा, सुरेश दीवान, केदार ध्रुव, फते निषाद, ईश्वरी प्रसाद वर्मा सहित ग्राम दौनाझर के समस्त ग्रामवासियों का विशेष योगदान और सहयोग उल्लेखनीय हैं।


