बलौदा बाजार
बिजराडीह में जनसमस्या निवारण शिविर, विभागीय स्टॉलों पर उमड़ी भीड़
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 4 जून। भाटापारा विकासखंड के ग्राम पंचायत बिजराडीह में बुधवार क़ो सुशासन तिहार के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ नेता शिवरतन शर्मा ने हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के लाभ वितरित किए।
शिवरतन शर्मा ने अपने हाथों से पात्र ग्रामीणों को शासन की कल्याणकारी योजनाओं से जोडक़र राष्ट्रीय परिवार सहायता और मुख्यमंत्री पेंशन योजना के स्वीकृति पत्र, पात्र परिवारों को नए राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना के स्वीकृति प्रमाण पत्र, सहित अन्य योजनाओं के हितग्राहियो क़ो सामग्री का वितरण किया। ग्रामीणों को संबोधित करते हुए शिवरतन शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मंशा स्पष्ट है, कि प्रशासन और जनता के बीच की दूरी पूरी तरह खत्म हो। सुशासन तिहार जनता और सरकार के बीच भरोसे का सेतु है। यह अभियान लगातार 40 दिनों तक चलेगा, जिसका एकमात्र लक्ष्य है कि गांव के अंतिम व्यक्ति को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं चलकर उसके पास आए।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की बारीकियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत सभापति, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष, जिला पंचायत सदस्य, विभिन्न पंचायतों के सरपंचों सहित, एसडीएम, जनपद सीईओ, बीएमओ, बीईओ, एसडीओ, जैसे अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी, भाजपा नेता, जनप्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।


