बलौदा बाजार

सार्वजनिक बोर और पंपों से केबल चोरी, एफआईआर
03-Jun-2026 7:01 PM
सार्वजनिक बोर और पंपों से केबल चोरी, एफआईआर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 3 जून। नगर पालिका क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न वार्डों में स्थित सार्वजनिक बोरवेल और पंपों से केबल चोरी होने के मामले सामने आए हैं। अज्ञात चोरों ने एक ही रात में अलग-अलग स्थानों पर चोरी की।

इन मामलों में पार्षदों और कर्मचारियों की शिकायत पर सिटी कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।

थाने में दर्ज शिकायतों के अनुसार, 26 और 27 मई की दरमियानी रात को निम्नलिखित स्थानों से केबल चोरी की गई-वार्ड क्रमांक 5 के गौरव पथ में शनि मंदिर के सामने स्थित शासकीय बोर से लगभग 40 फीट केबल वायर चोरी हुआ, जिसकी अनुमानित कीमत 2,000 है। इसकी शिकायत वार्ड पार्षद रोहित साहू ने दर्ज कराई है।

वार्ड क्रमांक 20 के परसा भदेर रोड में दामोदर बाड़ा के पास से 60 फीट और जिला न्यायाधीश बंगले के बाजू में स्थित सार्वजनिक बोर से 110 फीट केबल (कुल अनुमानित कीमत 10,000) चोरी हुई। इसकी शिकायत वार्ड पार्षद ममता सुभाष राव ने की है। अंबेडकर भवन परिसर में लगे नगर पालिका के बोर से करीब 50 मीटर केबल वायर (अनुमानित कीमत 8,000) चोरी हुआ। भवन के चौकीदार ने 27 मई की सुबह इसकी जानकारी मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कराई।

अप्रैल में हुई चोरियों की

भी दर्ज हुई रिपोर्ट

हालिया घटनाओं के बाद, नगर पालिका के प्लंबर द्वारा 19 और 20 अप्रैल की रात को हुई पूर्व की चोरियों की लिखित शिकायत भी 28 मई को कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई। इसके अंतर्गत वार्ड क्रमांक 9 (सिंधी कॉलोनी) में नहर पार स्थित समरसिर्बल पंप और 30 मीटर केबल (अनुमानित कीमत 18,000) चोरी हुई।

वार्ड क्रमांक 10 (पहन्द रोड) में गणेश यादव के घर के पास से समरसिर्बल पंप का 30 मीटर केबल (अनुमानित कीमत 2,000) गायब हुआ। वार्ड क्रमांक 20 (आवासीय कॉलोनी) में 29 क्वार्टर परिसर से समरसिर्बल पंप का 30 मीटर केबल (अनुमानित कीमत 2,000) चोरी हुआ।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार, सार्वजनिक संपत्तियों के अलावा रिहायशी इलाकों में घरों के बाहर लगे ग्रिल, घरेलू सामग्री और एयर कंडीशनर  के कॉपर पाइप की चोरी की शिकायतें भी प्राप्त हो रही हैं। चेंबर ऑफ कॉमर्स के पूर्व अध्यक्ष के नेतृत्व में सदस्यों ने पूर्व में इस संबंध में तत्कालीन पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर गश्त बढ़ाने की मांग की थी।

आमजनों ने नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने के साथ-साथ चोरी की सामग्री खरीदने वाले संदिग्ध कबाड़ व्यवसायियों से पूछताछ कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाए।


अन्य पोस्ट