बलौदा बाजार
अतिक्रमण रोकने तैनात होंगे कर्मचारी- सीएमओ
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 2 जून। शहर के मुख्य मार्गों पर बढ़ते यातायात दबाव और आवागमन में आ रही दिक्कतों को देखते हुए रविवार को नगर पालिका, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इस कार्रवाई के तहत मंडी रोड, बाजार क्षेत्र, सडक़ किनारे नालियों और फुटपाथों पर किए गए अस्थाई कब्जों को हटाया गया।
ज्ञात हो कि बलौदाबाजार शहर के मुख्य मार्गों पर दुकानदारों और ठेला संचालकों द्वारा किए गए अतिक्रमण के कारण लंबे समय से यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। सडक़ के संकरी हो जाने से आए दिन जाम की स्थिति बनती थी और पैदल राहगीरों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मुद्दे को लेकर ‘छत्तीसगढ़’ में प्रमुखता से छपने के बाद रविवार को नगर पालिका, पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम सडक़ पर उतरी और बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाए गए।
अभियान के दौरान टीम ने सडक़ और फुटपाथ बाधित करने वाले ठेले, पटरियों और अन्य अस्थाई सामग्रियों को हटाए। यातायात सुगम बनाने के उद्देश्य से की गई इस कार्रवाई में नगर पालिका प्रशासन द्वारा कुछ दुकानदारों का सामान भी जब्त किया गया है। कार्रवाई के तहत मुख्य रूप से फल, सब्जी, आइसक्रीम और अन्य सामान बेचने वाले ठेलों एवं अस्थाई दुकानों को सडक़ से दूर किया गया।
इस मामले में सीएमओ आशीष तिवारी ने कहा कि अतिक्रमण हटाने के बाद फिर से अतिक्रमण न हो जाए, इसलिए प्रत्येक प्रमुख स्थल पर कर्मचारियों की निगरानी लगाई जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। अतिक्रमण हटाने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
ज्ञात हो कि कार्रवाई के बावजूद शहर के कई हिस्सों में अभी भी अतिक्रमण की स्थिति बनी हुई है, जिससे नागरिकों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सब्जी बाजार, सदर बाजार, नेहरू चौक, गांधी चौक और मुख्य मार्ग का एक बड़ा हिस्सा अभी भी अतिक्रमण की चपेट में है। मंडी रोड, पुराना नगर पालिका रोड, नया बस स्टैंड, गार्डन चौक और अंबेडकर चौक में सडक़ के दोनों ओर अस्थाई कब्जे बने हुए हैं। सब्जी बाजार परिसर के भीतर बने चबूतरे खाली पड़े हैं, जबकि सब्जी विक्रेता अपनी दुकानें (पसरे) मुख्य सडक़ पर ही लगा रहे हैं।


