बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 31 मई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिला अंतर्गत पलारी थाना क्षेत्र में ऑनलाइन ठगी का शिकार हुई एक ग्रामीण महिला को पुलिस और साइबर सेल के प्रयासों से उनकी पूरी राशि वापस मिल गई है। पीडि़ता द्वारा समय रहते दर्ज कराई गई शिकायत के बाद पुलिस ने त्वरित तकनीकी कार्रवाई करते हुए 1 लाख की राशि को होल्ड कराया और वैधानिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद राशि वापस दिलाई।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम सिसदेवरी निवासी लता बाई फेकर ऑनलाइन साइबर ठगी का शिकार हो गई थीं। अज्ञात ठगों ने डिजिटल माध्यम से उन्हें झांसे में लेकर उनके बैंक खाते से एक लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए थे। ठगी का अहसास होते ही पीडि़ता ने तत्परता दिखाते हुए 26 दिसंबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही बलौदाबाजार पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस की साइबर टीम ने संबंधित बैंक और वित्तीय एजेंसियों के साथ तत्काल समन्वय स्थापित कर तकनीकी स्तर पर ट्रांजैक्शन (लेनदेन) को ट्रैक किया। पुलिस की सक्रियता के चलते ठगों द्वारा निकाली गई राशि को आगे ट्रांसफर होने से पहले ही संबंधित खाते में होल्ड (फ्रीज) करवा दिया गया था।
आवश्यक वैधानिक और बैंकिंग प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद, 29 मई को थाना पलारी में पीडि़ता को 1 लाख की राशि वापस हस्तांतरित की गई। राशि वापस मिलने पर पीडि़ता ने पुलिस प्रशासन की त्वरित कार्यप्रणाली के प्रति आभार व्यक्त किया।
एएसपी ने दी गोल्डन टाइम में शिकायत करने की सलाह
इस मामले की सफलता पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने आम नागरिकों, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों से सजग रहने की अपील की है।
साइबर विशेषज्ञों और पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ऑनलाइन ठगी के मामलों में शुरुआती कुछ घंटे (गोल्डन टाइम) बेहद महत्वपूर्ण होते हैं। यदि पीडि़त तुरंत शिकायत करता है, तो खातों को फ्रीज कर रकम को आगे जाने से रोका जा सकता है।


