बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 31 मई। नगर पालिका परिषद क्षेत्र अंतर्गत लगभग 70 वर्ष पुराने और जर्जर हो चुके स्वच्छता कर्मियों के आवासों के स्थान पर अब नए और सर्वसुविधायुक्त मकानों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए शासन द्वारा कुल 117.14 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। इस निर्णय के बाद नगर पालिका प्रशासन ने निर्माण कार्य शुरू करने के लिए निविदा (टेंडर) की प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी कर ली है।
छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग, रायपुर से प्राप्त स्वीकृति के अनुसार नगर पालिका क्षेत्र में निम्नलिखित निर्माण कार्य कराए जाएंगे- वार्ड क्रमांक 11 एवं 12 के मध्य 10 नए आवासों का निर्माण किया जाएगा, जिसकी स्वीकृत लागत 60.25 लाख रुपये है। वार्ड क्रमांक 16 (नयापारा) में 12 नए आवास बनाए जाएंगे, जिसकी स्वीकृत लागत 56.89 लाख रुपये है।
संयुक्त निरीक्षण के बाद मिली मंजूरी
नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन के अनुसार, सफाई कामगारों के वर्षों पुराने और जीर्ण-शीर्ण हो चुके मकानों की स्थिति को देखते हुए एक कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेजी गई थी। इसके पूर्व, कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक टंकराम वर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने संयुक्त रूप से दोनों स्वीपर कॉलोनियों का निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति का जायजा लिया था। इस मांग को प्राथमिकता देते हुए कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा के प्रयासों से इस परियोजना को तत्काल प्रशासनिक स्वीकृति दिलाई गई।
सफाई कर्मियों को मिलेगी राहत
नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने बताया कि नगर पालिका के सफाई विभाग में कार्यरत कर्मचारी लंबे समय से इन पुराने मकानों में रहने को मजबूर थे। समय-समय पर मरम्मत कार्य तो कराया जाता था, लेकिन स्थाई समाधान के लिए नए आवासों का निर्माण अत्यंत आवश्यक था। अब निविदा की औपचारिकताएं पूर्ण हो चुकी हैं और जल्द ही धरातल पर निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
जनप्रतिनिधियों और वार्डवासियों ने जताया आभार
इस महत्वपूर्ण कार्य की स्वीकृति और राशि प्रदाय किए जाने पर नगर पालिका परिषद के उपाध्यक्ष जितेंद्र माहले, सभापति हरजीत सिंह सलूजा, जितेंद्र डड़सेना, कन्हैया सेन, प्रिया शशिभूषण शुक्ला, मनोज कान्त पुरैना, आदित्य गुप्ता सहित पार्षद अंजनी गोविंद पात्रे, अमितेष नेताम, रेखा पोषण पटेल, श्रद्धा मनीष वर्मा, रोहित साहू, लोकेश चेलक, सतीश पटेल, सुरेश घृतलहरे, गौतम सिंह चौहान, चन्द्र शेखर गुप्ता, डिगेश्वरी रविंद्र नामदेव, मंजू फेकर, सलमान शेख और ममता सुभाष राव ने कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा एवं नगर पालिका अध्यक्ष के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया है। वहीं, स्वीपर कॉलोनी के निवासियों ने भी इस निर्णय पर हर्ष व्यक्त किया है।


