बलौदा बाजार

शहर कांग्रेस ने नगर हित के मुद्दों पर सीएमओ से की मुलाकात
30-May-2026 6:47 PM
शहर कांग्रेस ने नगर हित के मुद्दों पर सीएमओ से की मुलाकात

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 30 मई। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रवीण सेन ने नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी से मुलाकात कर नगर में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

इस दौरान उन्होंने वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लंबित भुगतान को लेकर नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिकारियों से शीघ्र निराकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि गरीब, बुजुर्ग, विधवा एवं जरूरतमंद लोगों को समय पर योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए तथा किसी भी पात्र हितग्राही को परेशान नहीं होना चाहिए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सेन ने प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत रुकी हुई किस्तों एवं जारी की गई किस्तों की जानकारी भी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि पात्र हितग्राहियों की लंबित पेंशन राशि एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की रुकी हुई किस्तों का भुगतान तत्काल किया जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।

बैठक के दौरान रामसागर तालाब में चल रही खुदाई कार्य के कारण क्षतिग्रस्त हुई नालियों एवं सडक़ों की मरम्मत का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। प्रवीण सेन ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए, जिससे आम नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानियों से राहत मिल सके।

इसके अतिरिक्त पिपरा तालाब क्षेत्र में लंबित विकास कार्यों को भी जल्द प्रारंभ कराने की बात कही गई। प्रवीण सेन ने स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन द्वारा जल्द ही लंबित पेंशन राशि एवं आवास योजना की किस्तों का भुगतान नहीं किया गया, तो कांग्रेस पार्टी नगर पालिका कार्यालय का घेराव कर उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

इस अवसर पर पार्षद रविंद्र नामदेव पार्षद सुरेश हिट लहरी पार्षद गोविंद पात्रे अजय भारती पूर्व पार्षद तिलक कनोजे सहित समस्त कांग्रेस जन उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता की समस्याओं और अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है तथा आगे भी जनता की आवाज बुलंद करती रहेगी।


अन्य पोस्ट