बलौदा बाजार

अगले 5 दिन लू की चेतावनी
30-May-2026 4:17 PM
अगले 5 दिन लू की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 30 मई। नौतपा शुरू होने से एक दिन पहले ही जिले में भीषण गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। सोमवार को सुबह 10.30 बजे ही तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। हालत यह है रही कि सूरज ढलने के बाद शाम 7 बजे तक गर्म हवा चलती रही और लोगों को राहत नहीं मिल सकी। मौसम विभाग ने अगले 5 दिनों तक जिले में लू और ग्रीष्म लहर चलने की चेतावनी जारी की हैं। भीषण गर्मी का असर अब बाजारों में भी साफ़ दिखाई देने लगा हैं। इलेक्ट्रॉनिक बाजार के कारोबारी के अनुसार इस बार कुलर और एसी की बिक्री ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। शहर के इलेक्ट्रॉनिक दुकानों में सुबह से ही ग्राहकों की भीड़ देखी जा रही हैं। कई दुकानदारों ने बताया कि मांग अचानक बढऩे से कुछ मॉडल के कुलर और एसी की कमी तक होने लगी हैं। खासकर दोपहर और शाम के समय लोग राहत पाने के लिए तुरंत कुलर और एसी खरीदने पहुंच रहे हैं। जानकारी के मुताबिक 6 साल बाद मई का महीना फिर से इस तरह का रौद्र रूप दिखा रहा हैं। इससे पहले वर्ष 2020 में तापमान 46 डिग्री और 2019 में 45.02 डिग्री तक पहुंच गया था। इस बार नौतपा शुरू होने से पहले ही गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी हैं। मौसम विभाग का अनुमान हैं कि अगले तीन दिनों में तापमान में 2 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार यूवी रेडिएशन लेवल भी 11 दर्ज किया गया है, जो बेहद खतरनाक श्रेणी में माना जाता हैं। ऐसी स्थिति में धूप में अधिक देर तक रहने से त्वचा झुलसने डिहाइड्रेशन और हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ जाता हैं।

रविवार सुबह से ही शहर में गर्म हवा के थपेड़े महसूस होने लगे थे। सुबह 9 बजे के बाद ही महावीर बजरंग मंदिर चौक, गार्डन चौक, नेहरू चौक, गांधी चौक और मंडी रोड जैसे प्रमुख व्यवसाय क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया। सामान्य दिनों में जहां लोगों की भीड़ दिखाई देती हैं, वहां इक्का दुक्का का लोग ही नजर आए दोपहर होते-होते सडक़े लगभग खाली हो गई और लोग घरों में रहने को मजबूर हो गए। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर एमपी थॉमस के अनुसार उत्तर पश्चिम दिशा से लगातार गर्म और शुष्क हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं। इधर नौतपा सोमवार 25 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगा। मौसम विभाग का कहना है कि शुरुआती चार दिनों तक भीषण गर्मी का दौर जारी रहेगा और शहर खूब तपेगा। हालांकि इसके बाद राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही हैं। बंगाल की खाड़ी में बना रहे सिस्टम के असर से 28 मई से रायपुर संभाग में मौसम बदल सकता है और 31 मई के आसपास बलौदाबाजार जिले में बारिश होने की संभावना बन रही हैं। तब तक लोगों को तेज धूप गर्म हवाओं और झुलसा देने वाली गर्मी का सामना करना पड़ेगा।


अन्य पोस्ट