बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 30 मई। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लवन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 किलोग्राम से अधिक गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक पल्सर मोटरसाइकिल और दो मोबाइल भी जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक पल्सर बाइक में अवैध गांजा लेकर लवन क्षेत्र में बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना के आधार पर मेन रोड लवन में घेराबंदी कर संदिग्धों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से 10 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद हुआ।
जब्त गांजा की अनुमानित कीमत करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


