बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 29 मई। शहर के मुख्य मार्ग पर वर्षों से पसरी अतिक्रमण का दंश बुधवार को उस समय खुलकर सामने आ गया, जब जोधपुरी आइसक्रीम ठेलों के संचालकों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी डंडे चलने लगे और शहर की सबसे व्यस्त सडक़ रणक्षेत्र में तब्दील हो गई।
किसी का सिर फूट गया तो किसी के कपड़े फट गए। सडक़ पर अफरातफरी का माहौल बन गया और मुख्य मार्ग पूरी तरह जाम हो गया। पुलिस आई, दोनों ठेले वालों को ठेले सहित ले गई। तब जाकर मामला शांत हुआ। विवाद की वजह अवैध कब्जे की होड़ और अपनी-अपनी ग्राहकी के लिए ज्यादा जगह घेरने को लेकर रही।
प्रत्याशियों के मुताबिक विवाद इतना बढ़ गया कि राहगीरों और वाहन चालकों को काफी देरी तक लगभग आधे घंटे जाम में फंसे रहना पड़ा। जिस सडक़ पर पहले से ही आधे हिस्से तक अतिक्रमण फैला हुआ था, वहां मारपीट के कारण आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। नगर के बीचों-बीच हुई इस घटना ने प्रशासन की व्यवस्था और अतिक्रमण पर नियंत्रण की पोल खोल कर रख दी।
उल्लेखनीय है कि बाहर से आए जोधपुरी आइसक्रीम के रथनुमा रंग-बिरंगे ठेले लंबे समय से मुख्य मार्ग के फुटपाथों पर कब्जा जमाए हुए हैं। शाम ढलते ही इन ठेलों के आसपास ग्राहकों की भीड़ लग जाती है। ग्राहक अपनी दो पहिया और चार पहिया गाडिय़ां सडक़ पर ही खड़ी कर बादाम शेक और आइसक्रीम का आनंद लेते हैं। जबकि आम राहगीर और वाहन चालक संकरी हो चुकी सडक़ से किसी तरह गुजरने को मजबूर रहते हैं।
ठेले वालों से अवैध वसूली की गई
फुटपाथ पर कब्जा जमाने वाले इन ठेला संचालकों से प्रतिदिन मात्र एक ठेले का लगभग 500 रुपये तक वसूला जाता हैं। लेकिन यह राशि सरकारी खजाने में जमा होने के बजाय उन मकान मालिकों की जेब में चली जाती है, जिनके घरों के सामने यह फुटपाथ स्थित हैं। यानी सरकारी जमीन और फुटपाथों पर अतिक्रमण का सीधा आर्थिक लाभ निजी लोग उठा रहे हैं, जबकि इसकी कीमत आम जनता परेशान हो कर चुका रही हैं।
जल्द ही की जाएगी कार्रवाई-सीएमओ
इस मामले पर सीएमओ आशीष तिवारी ने कहा की मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा की सडक़ और फुटपाथों पर अवैध कब्जे के कारण यातायात प्रभावित हो रहा है तथा आम लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही हैं। प्रशासन द्वारा जल्द अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।
फुटपाथों पर अवैध कब्जा
मुख्य मार्ग की करीब साढ़े तीन किलोमीटर लंबी सडक़ का यही हाल है। जगह-जगह ठेले खुमचे और अस्थाई दुकानें फुटपाथों और सडक़ों पर कब्जा जमाए हुए हैं। इससे शहर की सुंदरता पर भी बुरा असर पड़ रहा हैं। बेसिक स्कूल और सीएमओ कार्यालय की दीवारों पर लाखों रुपए खर्च कर गए सौंदर्यीकरण और कलात्मक चित्रकार अब ठेलों और अवैध दुकानों के पीछे छप गई हैं।


