बलौदा बाजार

मवेशी बाजार व व्यावसायिक क्षेत्र मंडी रोड में पुलिस सहायता केंद्र खोलने की मांग
27-May-2026 4:53 PM
मवेशी बाजार व व्यावसायिक क्षेत्र मंडी रोड में पुलिस सहायता केंद्र खोलने की मांग

कैबिनेट मंत्री टंकराम सहित कलेक्टर व एसपी को नपाध्यक्ष ने सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 27 मई। नगर पालिका क्षेत्र अंतर्गत पुराना मवेशी बाजार व सब्जी मंडी क्षेत्र में अक्सर होने वाले लूटपाट की घटना को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन के द्वारा इस व्यावसायिक क्षेत्र में पुलिस चौकी, पुलिस सहायता केंद्र खोले जाने संबंधी मांग पत्र कैबिनेट मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक टंकराम वर्मा सहित कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया। जन सुरक्षा की दृष्टिकोण से मांग को जायज बताते हुए चर्चा अनुरूप कैबिनेट मंत्री टंकराम वर्मा ने अतिशीघ्र मांग को पूर्ण किये जाने की बात कही।

 ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पुराना मवेशी बाजार एवं सब्जी मंडी क्षेत्र में बाजार का प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थापित है साथ ही इस इलाके में सुबह से शाम तक खरीदारी करने वाले लोगों का आवागमन रहता है, जहां समय-समय पर शराब अन्य नशा किये लोगों के द्वारा लूटपाट एवं चोरी की जाती है, साथ ही शराब की बिक्री भी की जाती है, किसी के कुछ कहने पर मारपीट कर दहशत फैलाने की कोशिश आम बात है, गांव व शहर के नागरिकों से लूटपाट एवं दबाव पूर्वक रूपयों की लूट सामानों की लूट व सामान वह गाड़ी चोरी जैसी घटना आम रूप से होते रहती है।

नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने उक्त बाजार क्षेत्र में अवैध धंधों के रोकथाम व अपराधों में अंकुश लगाए जाने के लिए मवेशी बाजार एवं मंडी रोड क्षेत्र में पुलिस चौकी पुलिस सहायता केंद्र खोले जाने की मांग हेतु चर्चा की गई।

इस संबंध में नगर पालिका के सभापति एवं पार्षदों ने भी शांति व्यवस्था की दृष्टिकोण से पुलिस चौकी की मांग पर अपनी सहमति देते हुए नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन की मांग का समर्थन किया है। नगर पालिका नगरवासियों की हितों के अनुरूप व्यवसायिक इलाकों में पेट्रोलिंग गाड़ी भी आवश्यक है, व सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन की निगरानी होते रहना आवश्यक बताया गया।


अन्य पोस्ट