बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 26 मई। मध्यप्रदेश के रीवा जिले में विहार के दौरान पूज्य जैन साध्वी आर्यिका माताजी के साथ हुई दु:खद घटना के विरोध एवं जैन संतों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग को लेकर सकल दिगम्बर जैन समाज, बलौदाबाजार द्वारा कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा गया।
सकल दिगम्बर जैन समाज ने सौंपे गए ज्ञापन में यह मांग प्रमुखता से रखी गई कि जैन समाज के मुनिराज एवं साध्वियों का समय-समय पर नगर बलौदाबाजार आगमन एवं प्रस्थान होते रहता है। इस दौरान जिस मार्ग से आगमन व विहार हो, उस मार्ग में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था हो साथ ही यातायात नियंत्रण एवं वाहन गति सीमा सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि नगर के पहुंच मार्ग अक्सर वाहनों का आवागमन लगे रहता है। पैदल चलकर मार्गों से मुनि महाराज अपने निर्धारित स्थलों तक चलते हैं, जिसमें अन्य लोग भी शामिल होते हंै, ऐसे में सुरक्षा आवश्यक है। साथ ही जैन समाज द्वारा विगत दिनों घटित दुर्घटना पर भी शोक व्यक्त की गई।
ज्ञापन सौंपकर सुरक्षा की मांग के दौरान पालिका अध्यक्ष अशोक जैन, जैन समाज अध्यक्ष संदीप जैन पूर्व जैन समाज अध्यक्ष दिनेश जैन, जैन समाज सचिव अनुराग जैन, जैन समाज कोषाध्यक्ष धीरज जैन, महिला मंडल अध्यक्ष नविता जैन, महिला मंडल पूर्व अध्यक्ष ममता जैन सहित मनोरमा जैन, साधना जैन, नेहा जैन, अनिल छाबड़ा, नितिन जैन, प्रवीण जैन एवं ऋषभ जैन उपस्थित थे।


