बलौदा बाजार

सीएम ने करहीबाजार के महामाया मंदिर में की पूजा-अर्चना
23-May-2026 4:17 PM
सीएम ने करहीबाजार के महामाया मंदिर में की पूजा-अर्चना

 प्रदेश की खुशहाली के लिए मांगा आशीर्वाद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 23 मई।  मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को सुशासन तिहार शिविर में सम्मिलित होने से पूर्व करहीबाजार स्थित ऐतिहासिक एवं आस्था के केंद्र मां महामाया मंदिर पहुंचकर माता के चरणों में माथा टेका। मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ आदिशक्ति मां महामाया की पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख- समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य तथा खुशहाली के लिए आशीर्वाद मांगा।

मुख्यमंत्री ने मंदिर की इस समृद्ध ऐतिहासिक और आध्यात्मिक पृष्ठभूमि की सराहना करते हुए माता से छत्तीसगढ़ के निरंतर विकास की कामना की।

यह प्राचीन महामाया मंदिर क्षेत्र के लोगों के लिए अगाध श्रद्धा का केंद्र है, जिसका गौरवशाली इतिहास सौ साल से भी अधिक पुराना है। मंदिर की सबसे खास बात यह है कि यहां सदियों से चली आ रही परंपराओं का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ किया जा रहा है। वर्तमान में मंदिर के पुजारी रामभगत गोंड हैं, जिनका परिवार बीते तीन पीढिय़ों से अनवरत माता की सेवा और पूजा-अर्चना करता आ रहा है तथा वे स्वयं इस सेवा परंपरा की चौथी पीढ़ी के रूप में कमान संभाल रहे हैं। इस मंदिर के प्रति जनमानस में इतनी गहरी आस्था है कि प्रतिवर्ष दोनों नवरात्रि (क्वार और चैत) के अवसर पर यहां श्रद्धालुओं द्वारा 200 से अधिक मनोकामना घृत एवं तैल जोत प्रज्वलित किए जाते हैं।


अन्य पोस्ट