बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 23 मई। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 22 मई को बलौदाबाजार जिले के करही बाजार पहुंचे, जहां उन्होंने सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर करही बाजार स्थित हेलीपैड पर उतरा, जहां जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उनका आत्मीय स्वागत किया।
सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री ने आम नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कार्यक्रम ‘संवाद से संपूर्ण समाधान’ थीम पर आधारित रहा, जिसमें लोगों ने सडक़, बिजली, पानी, आवास और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी समस्याएं मुख्यमंत्री के सामने रखीं। मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।
योजनाओं की जानकारी देने लगे विभागीय स्टॉल
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबधित स्टॉल लगाए गए थे, इन स्टॉलों में ग्रामीणों को शासन की योजनाओं, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। कई हितग्राहियों ने योजनाओं से जुड़ी जानकारी लेकर आवेदन प्रक्रिया भी समझी।
हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री ने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न शासकीय योजनाओं के तहत लाभ वितरण भी किया।
इस दौरान महिलाओं, किसानों, श्रमिकों और जरुरतमंद परिवारों को शासन की योजनाओं से जोडऩे पर विशेष जोर दिया गया।


