बलौदा बाजार

अघोषित बिजली कटौती और मनमाना बिल, कांग्रेस ने दी घेराव की चेतावनी
22-May-2026 7:14 PM
अघोषित बिजली कटौती और मनमाना बिल, कांग्रेस ने दी घेराव की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 22 मई। प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि और पूर्व मंडी अध्यक्ष सुशील शर्मा ने भाटापारा विधानसभा क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती और बढ़ती अव्यवस्थाओं को लेकर विद्युत विभाग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि यदि बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं हुआ, तो कांग्रेस जन बिजली दफ्तर का घेराव करने के लिए बाध्य होंगे।

उन्होंने कहा कि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार बिजली कटौती की जा रही है। विशेषकर ग्रामीण इलाकों में रात-रात भर बिजली बंद रहने से आम जनता भीषण गर्मी में बेहाल है।

 उपभोक्ताओं को बिजली कटौती के साथ-साथ लो वोल्टेज की समस्या का भी सामना करना पड़ रहा है, जिससे दैनिक जीवन और कृषि कार्य प्रभावित हो रहे हैं।

 सुशील शर्मा ने आरोप लगाया कि फ्यूज कॉल सेंटर पर न तो कर्मचारी मौजूद रहते हैं और न ही फोन कॉल का जवाब दिया जाता है। उन्होंने अयोग्य कर्मचारियों को हटाकर जिम्मेदार व्यक्तियों की नियुक्ति की मांग की है।

उन्होंने कहा कि एक ओर बिजली कटौती की जा रही है, तो दूसरी ओर उपभोक्ताओं को मनमाने और बढ़े हुए बिजली बिल भेजे जा रहे हैं। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हाफ योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने इस जनकल्याणकारी योजना को बंद कर जनता के हितों पर कुठाराघात किया है।

सुशील शर्मा ने कहा कि विद्युत विभाग के अधिकारियों की घोर लापरवाही अब बर्दाश्त के बाहर है। उन्होंने प्रशासन को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि तत्काल प्रभाव से अघोषित कटौती पर रोक नहीं लगाई गई और व्यवस्था सुचारू नहीं की गई, तो कांग्रेस सडक़ पर उतरकर उग्र विरोध प्रदर्शन करेगी।


अन्य पोस्ट