बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 22 मई। जनपद पंचायत बलौदाबाजार के अंतर्गत ग्राम पंचायत नयापारा में ‘सुशासन तिहार’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल उपस्थित रहीं। इस दौरान 18 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए विभिन्न विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया और योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली।
अध्यक्ष ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। शिविर में उपस्थित अधिकारियों को कई समस्याओं का तत्काल निराकरण करने के निर्देश दिए गए। जो मांगें बड़ी थीं, उनके लिए शासन-प्रशासन से पत्राचार कर जल्द समाधान का आश्वासन दिया गया।
इस अवसर पर ग्रामीणों को आपातकालीन सेवा ‘112’ के बारे में विस्तार से बताया गया। अध्यक्ष ने कहा कि यह सेवा सडक़ दुर्घटना, चिकित्सा आपातकाल और महिलाओं व बच्चों की सुरक्षा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा शुरू किए गए ‘सुशासन तिहार’ की सराहना की, जिसके माध्यम से प्रशासन स्वयं जनता के द्वार पहुँचकर उनकी समस्याओं का हल कर रहा है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक डॉ. सनम जांगड़े, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुलोचना यादव, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि योगेश वर्मा, विभिन्न पंचायतों के सरपंच, महिला स्व-सहायता समूहों की सदस्य और क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


