बलौदा बाजार

कांग्रेस की भूपेश सरकार के समय खरीदी गई थी 400 बोलेरो -इंद्र साव
20-May-2026 4:23 PM
कांग्रेस की भूपेश सरकार के समय खरीदी गई थी 400 बोलेरो -इंद्र साव

भाटापारा, 20 मई। भाटापारा के विधायक इंद्र साव ने डायल 112 के लिए उपयोग किए जा रहे बोलेरो वाहनों को लेकर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। विधायक ने दावा किया है कि ये वाहन तत्कालीन कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान खरीदे गए थे। विधायक इंद्र साव के अनुसार, पूर्ववर्ती भूपेश बघेल सरकार ने राज्य में कानून-व्यवस्था और आपातकालीन सहायता को मजबूत करने के उद्देश्य से 400 बोलेरो वाहनों की खरीदी की प्रक्रिया शुरू की थी। विधायक ने बताया कि उन्होंने विधानसभा में इस संबंध में प्रश्न किया था। इसके जवाब में गृहमंत्री विजय शर्मा ने स्वीकार किया कि 29 सितंबर 2023 को डायल 112 के लिए 32.91 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से 374 बोलेरो वाहन खरीदे गए थे, जिसके लिए 12 जून 2023 को ऑनलाइन टेंडर जारी हुआ था। विधायक ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के समय खरीदे गए इन वाहनों को भाजपा सरकार अपनी उपलब्धि के रूप में प्रचारित कर रही है। इन वाहनों को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा हरी झंडी दिखाकर विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया गया था।

 विधायक इंद्र साव का कहना है कि उनके द्वारा सदन में लगातार सवाल उठाए जाने और दबाव बनाने के कारण ही राज्य सरकार इन वाहनों को जिलों में भेजने के लिए तत्पर हुई, जिन्हें पहले तीसरी बटालियन (अमलेश्वर) में रखा गया था।

विधायक ने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार की पहल का उद्देश्य पुलिस प्रतिक्रिया को त्वरित बनाना था और जनता के हित में इन वाहनों का उपयोग सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।


अन्य पोस्ट