बलौदा बाजार

सुशासन तिहार के जरिए प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं को सुन रहा है -नपाध्यक्ष
20-May-2026 4:18 PM
सुशासन तिहार के जरिए प्रशासन जनता के बीच  पहुंचकर समस्याओं को सुन रहा है -नपाध्यक्ष

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 20 मई। भाटापारा नगर के संत माता कर्मा वार्ड स्थित मयूर शिशु मंदिर में सुशासन तिहार के तीसरे चरण के अंतर्गत जनसंवाद एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें नगर पालिका परिषद भाटापारा के अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, जनप्रतिनिधि, अधिकारी और क्षेत्रवासी उपस्थित थे।

इस आयोजन का उद्देश्य शासन और आमजन के बीच संवाद स्थापित कर नागरिकों की समस्याओं, सुझावों और आवश्यकताओं पर चर्चा करना था। कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने क्षेत्र के विकास, सडक़, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े विषय रखे। साथ ही, शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए मार्गदर्शन दिया गया।

नगर पालिका अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने कहा -सुशासन तिहार के माध्यम से प्रशासन जनता के बीच पहुंचकर समस्याओं को सुन रहा है और उनके निराकरण की दिशा में कार्य कर रहा है। भाटापारा नगर के विकास के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शासन की योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचे, यह हमारी प्राथमिकता है। जनभागीदारी से ही सुशासन की अवधारणा को साकार किया जा सकता है। नगर के प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों एवं मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने हेतु कार्य किया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष ने क्षेत्रवासियों से शासन की योजनाओं का लाभ उठाने और नगर विकास में सहयोग करने की अपील की। कार्यक्रम में सभापति कुंजराम कोशले, सतीश तलरेजा, मनीष मिश्रा सहित पार्षदगण, एसडीएम श्यामा पटेल, मुख्य नगर पालिका अधिकारी शिव कुमार यादव, तहसीलदार यशवंत राज और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट