बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 मई। राज्य शासन के निर्देश पर 1 मई से जिले में आयोजित सुशासन तिहार के शुरुआती 16 दिनों के आंकड़े सामने आए हैं। इन आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक कुल 13,992 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 25,000 से अधिक आवेदन दर्ज किए गए थे। सुशासन तिहार के दौरान मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, पेंशन, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड और मनरेगा से संबंधित आवेदन प्राप्त हो रहे हैं।
आवेदनों की विकासखंडवार स्थिति
शुरुआती 16 दिनों में जिले में 23 शिविर आयोजित किए गए, जिनमें प्राप्त आवेदनों का विवरण इस प्रकार हैं-पलारी- 3,213 आवेदन, भाटापारा- 2,378 आवेदन, बलौदाबाजार- 2,185 आवेदन, सिमगा- 2,148 आवेदन, कसडोल- 1,854 आवेदन शहरी और ग्रामीण क्षेत्र
ग्रामीण क्षेत्र: कुल 11,478 आवेदन, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, सडक़, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें प्रमुख हैं। शहरी क्षेत्र: कुल 2,484 आवेदन। नगर पालिका परिषद बलौदाबाजार में 414 और भाटापारा में 248 आवेदन प्राप्त हुए।
आवेदन प्रक्रिया और व्यवस्था
आवेदनों की संख्या में गिरावट का एक मुख्य कारण आवेदन प्रक्रिया को ऑफलाइन करना माना जा रहा है, जिसमें आवेदक की भौतिक उपस्थिति अनिवार्य है। हालांकि, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए आवेदनों को डिजिटल ट्रैकिंग व्यवस्था से जोड़ा गया है। प्रत्येक आवेदन को 14 अंकों का यूनिक आईडी नंबर दिया जा रहा है, जिससे आवेदक वेबसाइट (ह्यह्वह्यद्धड्डह्यड्डठ्ठह्लद्बद्धड्डह्म्.ष्द्द.ठ्ठद्बष्.द्बठ्ठ) पर अपने आवेदन की स्थिति की जाँच कर सकते हैं। प्रोफेसर एसएन पाध्येय का मानना है कि योजनाओं की वास्तविक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए आवेदन प्रक्रिया को अधिक सरल और सुलभ बनाने की आवश्यकता है।
मौसम ने व्यवधान डाला, प्रचार में कमी नहीं -सीईओ
जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल ने कहा कि सुशासन तिहार के प्रचार प्रसार में किसी प्रकार की कमी नहीं रखी गई हैं। भीषण गर्मी और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण आवेदनों की संख्या में कुछ कमी जरूर आई हैं, लेकिन शिविरों में लगातार लोगों की भागीदारी बनी हुई हैं।


