बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 20 मई। शहर के मुख्य मार्ग पर बने अवैध कटों के कारण दुर्घटनाओं की स्थिति बनी हुई है। रायपुर रोड स्थित विनायकम कॉलोनी के सामने डिवाइडर को तोडक़र नया रास्ता बनाए जाने का मामला सामने आया है।
नगर पालिका प्रशासन के अनुसार, विनायकम कॉलोनी के सामने डिवाइडर तोड़े जाने की जानकारी मिलने पर संबंधित व्यक्ति को नोटिस जारी कर उसे पुन: बनाने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, साढ़े तीन किलोमीटर लंबे इस मार्ग पर पांच प्रमुख चौराहों के अलावा 20 से अधिक स्थान ऐसे हैं जहाँ डिवाइडर को काटकर रास्ता बना लिया गया है। आरोप है कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और निजी सुविधा के लिए ये कट बनाए गए हैं। विगत तीन वर्षों में इस मार्ग पर दुर्घटनाओं के कारण 7 व्यक्तियों की मृत्यु हुई है और 120 से अधिक लोग घायल हुए हैं। मुख्य मार्ग पर प्रतिदिन लगभग 8 से 10 छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं दर्ज की जाती हैं।
अवैध कट: वाहन चालकों द्वारा अचानक दिशा बदलने से आमने-सामने की टक्कर का जोखिम।
अन्य कारक: बंद स्ट्रीट लाइट और डिवाइडरों पर लगे विज्ञापन बोर्ड, जिससे रात के समय वाहन चालकों को दृश्यता में समस्या होती है।
पूर्व में घटित दुर्घटनाएं
गार्डन चौक के पास गलत दिशा (रॉन्ग साइड) से आ रहे मोटरसाइकिल सवार की कार से टक्कर। रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप एक युवक (राहुल गोविंदा) की दुर्घटना में मृत्यु। लवन रोड और कृष्णायन कॉलोनी के सामने भी पूर्व में कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं।
पार्षद अमितेश नेताम सहित स्थानीय नागरिकों ने इस मामले की शिकायत की है। नागरिकों ने मांग की है कि डिवाइडर को बिना अनुमति तोडऩे वाले व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए और सडक़ सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए।


