बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 19 मई। रायपुर से बलौदाबाजार और सारंगढ़ तक जाने वाले यात्रियों को जाम से राहत मिल सकती है। रायपुर-बलौदाबाजार मार्ग के फोरलेन चौड़ीकरण का डीपीआर तैयार कर लिया गया है। नेशनल हाईवे विभाग लगभग 1500 करोड़ रुपए की लागत से इस प्रोजेक्ट पर खर्च करेगा। दो फेज में फोनलेन चौड़ीकरण का काम किया जाएगा। इससे एक से सवा घंटे तक लोगों के समय की बचत होगी।
पहले चरण में धनेली से पुराना विधानसभा तक 11.610 किलोमीटर सडक़ का चौड़ीकरण किया जाएगा। इस हिस्से के लिए 500 करोड़ रुपए का बजट तय किया गया है। दूसरे चरण में विधानसभा से पलारी तक करीब 72 किलोमीटर सडक़ फोरलेन बनेगी, जिस पर 1050 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
परियोजना के तहत सडक़ को केवल फोरलेन ही नहीं बनाया जाएगा, बल्कि कई हिस्सों में सर्विस लेन भी तैयार की जाएगी। इसके अलावा चार बड़े फ्लाईओवर और कई ओवरब्रिज बनाए जाएंगे, जिससे शहर और गांवों के बीच यातायात अधिक सुगम हो सकेगा।
रायपुर-बलौदाबाजार-सारंगढ़ मार्ग फोरलेन बनने से जाम और हादसे कम होंगे। भारी वाहनों के लिए अलग लेन मिलेगी। सीमेंट उद्योग को फायदा होगा, माल परिवहन आसान होगा और स्थानीय व्यापार-रोजगार बढऩे की संभावना है।
नेशनल हाईवे के चीफ इंजीनियर ज्ञानेश्वर कश्यप ने कहा कि रायपुर-बलौदाबाजार चौड़ीकरण दो चरणों में होगा। इसके लिए 1500 करोड़ रुपए का डीपीआर तैयार हो चुका है। पूरी ड्राइंग डिजाइन दिल्ली मुख्यालय भेजी जाएगी। यदि किसी सुधार की आवश्यकता होगी तो उसे किया जाएगा, अन्यथा जल्द ही चौड़ीकरण शुरू होगा।
यहां बनेंगे ओवरब्रिज
नरदहा चौक पर 200 मीटर हिस्से को छोडकऱ सिक्स लेन फ्लाईओवर और धनेली चौक पर पुराने ब्रिज को तोडकऱ फ्लाईओवर, धनेली गांव में नया फ्लाईओवर बनाया जाएगा। टेकारी रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज और बरौदा गांव में ओवरब्रिज का निर्माण किया जाएगा।


