बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 17 मई। गुरुवार रात हुई बारिश के बाद सुहेला क्षेत्र के कई गांवों में सडक़ मार्ग प्रभावित हो गए। शिकारी केसली, भंवरगढ़, भोथीडीह और लोहारी गांवों को जोडऩे वाले कच्चे रास्तों पर कीचड़ भर जाने से ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, संबंधित गांवों के बीच की दूरी कम होने के बावजूद कच्चे मार्ग और बीच में पडऩे वाले जमुनईया नाले के कारण आवागमन प्रभावित रहता है। बारिश के दौरान नाले में पानी बढऩे से गांवों का संपर्क बाधित हो जाता है।
शिकारी केसली, भंवरगढ़ और भोथीडीह के ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत स्तर पर मार्गों का मुरमीकरण कराया गया है, लेकिन स्थायी सडक़ और पुल नहीं होने से समस्या बनी हुई है। सरपंच संतोषी नारायण नेताम और देवकी शिवकुमार रात्रि ने कहा कि बारिश के समय पंचायत मुख्यालय तक पहुंचना भी कठिन हो जाता है। लोहारी गांव के ग्रामीणों ने बताया कि सुहेला तहसील और थाना करीब तीन किलोमीटर की दूरी पर हैं, लेकिन पक्की सडक़ नहीं होने के कारण लोगों को कच्चे रास्तों और पगडंडियों का उपयोग करना पड़ता है। ग्रामीणों ने सडक़ और पुल निर्माण की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है।
लोक निर्माण विभाग के सब इंजीनियर शिवनाथ कुर्रे ने कहा कि सुहेला-लोहारी मार्ग को बजट में शामिल किया गया है और जल्द ही प्राक्कलन तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि शिकारी केसली-भंवरगढ़ मार्ग के लिए नया प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा।


