बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार,17 मई। राष्ट्रीय डेंगू दिवस जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पताल में मनाया गया। इसके तहत समुदाय में डेंगू रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गांव में परिचर्चा एवं बैठकों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। इसमें डेंगू से बचाव के लिए आसपास साफ- सफाई रखना लक्षण होने पर तत्काल अस्पताल में संपर्क करने, मच्छरों को पनपने से रोकने जैसे बिंदुओं पर लोगों का ध्यान आकर्षित कराया गया।
प्रमुख रूप से जिले में चल रहे सुशासन तिहार अंतर्गत पलारी के ग्राम कुसमी में आयोजित शिविर में आए आम जनों को भी जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अवस्थी के अनुसार 11वें राष्ट्रीय डेंगू दिवस का थीम है -डेंगू नियंत्रण में सामुदायिक भागीदारी- जांच करें, सफाई करें और ढकें। कार्यक्रम में जागरूकता के साथ-साथ स्रोत नियंत्रण में भी स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं ने कार्य किया।
राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. पंकज वर्मा ने बताया कि वर्षा ऋतु में डेंगू फैलने की संभावना रहती है। अत: संभावित प्रकोप के रोकथाम के लिए मानसून पूर्व सभी रोकथाम एवं नियंत्रण गतिविधियों को सुदृढ़ किया जाना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से प्रति वर्ष 16 मई को ‘राष्ट्रीय डेंगू दिवस’ के रूप में मनाया जाता है। जिले में 2025 में 9 एलिसा पॉजिटिव केस थे, जो सभी पलायन से आये हुए लोगों में पाया गया था जबकि इस वर्ष अब तक दो एलिसा पॉजिटिव केस मिले हैं। यहाँ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र एवं जिला अस्पताल में डेंगू के जांच की सुविधा उपलब्ध हैं।


