बलौदा बाजार

कोर्ट के आदेश के बाद खेत तक पहुंच का रास्ता खुला
16-May-2026 4:46 PM
कोर्ट के आदेश के बाद खेत तक पहुंच का रास्ता खुला

9 साल की लंबी लड़ाई व 2 वर्ष की प्रतीक्षा

के बाद पीडि़त पहुंचे अपनी जमीन पर

छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 16 मई। जिला न्यायालय के आदेश के बाद एक परिवार को अपने खेतों तक पहुंचने के लिए रास्ता उपलब्ध कराया गया। मामले में संबंधित पक्ष करीब नौ वर्षों से कानूनी प्रक्रिया में था।

मामले से जुड़े पक्षकार मधु सर्राफ ने बताया कि प्रतिष्ठा कॉलोनी के निर्माण के दौरान छुईहा नहर के नीचे स्थित उनके खेतों तक आने-जाने का रास्ता बंद हो गया था। इसके बाद उन्होंने अपने अधिवक्ता सतीश चंद्र श्रीवास्तव के माध्यम से न्यायालय में मार्गाधिकार (ईजमेंट) संबंधी वाद दायर किया था।

मधु सर्राफ के अनुसार, 30 जुलाई 2024 को न्यायालय ने उनके पक्ष में निर्णय दिया। उनका कहना है कि इसके बाद भी रास्ता उपलब्ध नहीं कराया गया, जिस पर डिक्री के निष्पादन के लिए पुन: न्यायालय में आवेदन किया गया।

जानकारी के अनुसार, विचारण न्यायालय ने 30 अप्रैल को आदेश पारित किया और संबंधित पक्षों को 15 मई तक रास्ता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

15 मई को मधु सर्राफ अपनी बहनों आरती और अंजू तथा संजय सोनी के साथ खेत तक पहुंचे। बताया गया कि पुराने मार्ग पर निर्माण होने के कारण वैकल्पिक रास्ते से प्रतिष्ठा कॉलोनी के गेट और निर्मित मार्ग होते हुए खेत तक पहुंच बनाई गई।

मौके पर न्यायालय के आदेश के तहत रास्ता उपलब्ध कराया गया। इसके बाद संबंधित पक्ष ने राहत मिलने की बात कही।


अन्य पोस्ट