बलौदा बाजार

अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र हिरमी के बाहर प्रदर्शन, स्थानीय को रोजगार की उठी मांग
16-May-2026 4:34 PM
अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र हिरमी के बाहर प्रदर्शन, स्थानीय  को रोजगार की उठी मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार,  16 मई। अल्ट्राटेक सीमेंट संयंत्र हिरमी के बाहर स्थानीय ग्रामीणों, किसानों, मजदूरों और जनप्रतिनिधियों ने 12 मई को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने संयंत्र प्रबंधन पर स्थानीय युवाओं को रोजगार में पर्याप्त अवसर नहीं देने का आरोप लगाया।

प्रदर्शन के बाद प्रबंधन और प्रदर्शनकारियों के बीच बातचीत हुई, लेकिन सहमति नहीं बनने पर संयंत्र के मुख्य द्वार के सामने चक्काजाम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी भी की।

जानकारी के अनुसार प्रदर्शनकारी सुबह करीब 6 बजे से संयंत्र के मुख्य द्वार पर एकत्र हुए। इस दौरान संयंत्र में आने-जाने वाले लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की मौजूदगी बढ़ाई गई। सिमगा और आसपास के थानों का पुलिस बल मौके पर तैनात रहा।

दोपहर करीब 12 बजे प्रशासन और संयंत्र प्रबंधन ने प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ चर्चा शुरू की।

जिला पंचायत सदस्य मोहन वर्मा ने कहा कि संयंत्र स्थापना के दौरान क्षेत्र के लोगों की जमीन अधिग्रहित की गई थी। उनका आरोप है कि इसके बावजूद स्थानीय बेरोजगारों को पर्याप्त रोजगार नहीं मिल रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कैंपस चयन के दौरान बाहरी राज्यों के युवाओं को प्राथमिकता दी जाती है।

मोहन वर्मा ने कहा कि संयंत्र स्थापना के समय प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को रोजगार और जमीन के बदले जमीन देने संबंधी निर्देश दिए गए थे। उनका कहना है कि कुछ प्रभावित परिवार अब भी अपनी मांगों को लेकर प्रयासरत हैं।


अन्य पोस्ट