बलौदा बाजार
सरकारी विभागों को ईंधन बचत के लिए साझा वाहन व्यवस्था अपनाने के निर्देश
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 16 मई। जिले में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति प्रभावित होने के बीच कई पेट्रोल पंपों पर सीमित मात्रा में ईंधन दिया जा रहा है। प्रशासन ने सरकारी विभागों को ईंधन बचत के लिए साझा वाहन व्यवस्था अपनाने के निर्देश भी दिए हैं।
जानकारी के अनुसार जिले के कुछ पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने के कारण संचालन प्रभावित हुआ है। अन्य पंपों पर स्टॉक सीमित होने के चलते दोपहिया वाहनों को 100 रुपये तक तथा चारपहिया वाहनों को 500 से 1000 रुपये तक का ईंधन दिए जाने की व्यवस्था लागू की गई है।
कुछ वाहन चालकों ने बताया कि सीमित मात्रा में ईंधन मिलने से लंबी दूरी की यात्रा करने में दिक्कत हो रही है। रायपुर जाने वाले कुछ लोगों ने कहा कि निर्धारित सीमा में मिलने वाला पेट्रोल पूरे सफर के लिए पर्याप्त नहीं है। प्रशासन ने ईंधन की बचत के लिए सरकारी विभागों में ‘पूल वाहन व्यवस्था’ लागू करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने मैदानी निरीक्षण और सुशासन शिविरों के दौरान अधिकारियों को साझा वाहन से यात्रा करने को कहा है। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन, खाद, सहकारिता और नागरिक आपूर्ति निगम सहित अन्य विभागों को समन्वय के साथ वाहन उपयोग करने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रशासन के अनुसार जिले के 116 पेट्रोल पंपों में से 111 पंपों पर पेट्रोल और डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। प्रशासन ने दावा किया है कि डिपो से टैंकरों की आपूर्ति जारी है।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि नागरिक अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक भंडारण से बचें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी पंप द्वारा जानबूझकर स्टॉक छिपाने या गलत जानकारी देने की शिकायत मिलती है तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।


