बलौदा बाजार

पत्रकारों की सुरक्षा व निष्पक्ष पुलिस कार्रवाई की मांग, सौंपा ज्ञापन
14-May-2026 3:19 PM
पत्रकारों की सुरक्षा व निष्पक्ष पुलिस कार्रवाई की मांग, सौंपा ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 14 मई। बलौदाबाजार प्रेस क्लब ने पत्रकारों की सुरक्षा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और निष्पक्ष पुलिस कार्रवाई की मांग को लेकर बुधवार को जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन कलेक्टर कुलदीप शर्मा और पुलिस अधीक्षक ओपी शर्मा को सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि संविधान के अनुच्छेद 19(1)(ए) के तहत पत्रकारिता को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्राप्त है और स्वतंत्र पत्रकारिता लोकतांत्रिक व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा है। प्रेस क्लब ने आरोप लगाया कि कुछ मामलों में पत्रकारों द्वारा जनहित से जुड़े मुद्दों पर दिए गए आवेदनों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई, जबकि पत्रकारों के खिलाफ शिकायतों पर तत्काल कार्रवाई की गई।

प्रेस क्लब ने यह भी कहा कि संगठन सामाजिक उत्तरदायित्व के तहत लोगों के आवेदन प्रशासन तक पहुंचाने का कार्य करता है, लेकिन कुछ मामलों में संबंधित आरोपियों के बजाय प्रेस क्लब पदाधिकारियों को बयान के लिए बुलाया गया, जिससे पत्रकारों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है।

ज्ञापन में पत्रकारों से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच, शिकायतों की सत्यता की जांच के बाद ही कार्रवाई, तथा पत्रकारों और प्रेस क्लब द्वारा भेजे गए आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई की मांग की गई। साथ ही पत्रकारों के सम्मानजनक व्यवहार और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण के लिए प्रशासनिक प्रोटोकॉल बनाए जाने की भी मांग रखी गई।

इस दौरान प्रेस क्लब अध्यक्ष नरेश गनशानी, सचिव दलजीत सिंह चावला, कोषाध्यक्ष राजेश्वर गिरी, विजय तिवारी, राघवेंद्र सिंह, राजा वालेचा, श्रावण ध्रुव, पुष्पकांत मेजर, मिथलेश वर्मा, गोविंद रात्रे और लाकेश बघेल सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।


अन्य पोस्ट