बलौदा बाजार

केंद्रीय गृहमंत्री से राज्यसभा सांसद वर्मा ने की मुलाकात
13-May-2026 4:10 PM
केंद्रीय गृहमंत्री से राज्यसभा सांसद वर्मा ने की मुलाकात

बस्तर, विकास और संगठनात्मक विषयों पर चर्चा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 13 मई। नई दिल्ली प्रवास के दौरान राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सौजन्य भेंट कर विभिन्न समसामयिक, संगठनात्मक एवं जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा की।

इस अवसर पर पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक विजय एवं पहली बार सरकार गठन पर उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही असम एवं पुडुचेरी में पार्टी को मिली उल्लेखनीय सफलता पर भी उनका अभिनंदन किया गया।

भेंट के दौरान राज्यसभा सांसद ने एक साधारण कार्यकर्ता एवं बूथ स्तर से संगठन में कार्य करने वाले कार्यकर्ता पर विश्वास जताते हुए राज्यसभा की जिम्मेदारी सौंपने के लिए अमित शाह के प्रति हृदय से कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि यह केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं, बल्कि भाजपा की कार्यकर्ता आधारित कार्यसंस्कृति एवं समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रति नेतृत्व के विश्वास का प्रतीक है।

चर्चा में बस्तर क्षेत्र में नक्सलवाद के विरुद्ध केंद्र सरकार द्वारा चलाए जा रहे प्रभावी अभियान एवं उसके सकारात्मक परिणामों के लिए भी अमित शाह का आभार व्यक्त किया गया। वर्षों से बस्तर के विकास में बाधक बने नक्सलवाद को समाप्त कर क्षेत्र में शांति, विश्वास एवं विकास के नए आयाम स्थापित करने की दिशा में उनके नेतृत्व को प्रेरणादायी बताया गया।

इसके अतिरिक्त छत्तीसगढ़ में संचालित विभिन्न विकासोन्मुखी योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यों एवं आम जनता से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से भी केंद्रीय गृह मंत्री को अवगत कराया गया। इस अवसर पर अमित शाह का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ।


अन्य पोस्ट