बलौदा बाजार

मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण और यातायात दबाव के बीच डिवाइडर निर्माण
12-May-2026 2:30 PM
मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण और यातायात दबाव के बीच डिवाइडर निर्माण

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 12 मई। बलौदाबाजार  शहर के मुख्य मार्ग पर यातायात दबाव, अतिक्रमण और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या के बीच प्रस्तावित डिवाइडर और यूनिपोल निर्माण को लेकर स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है। नागरिकों का कहना है कि सडक़ से अतिक्रमण हटाए बिना डिवाइडर निर्माण शुरू होने से यातायात व्यवस्था और प्रभावित हो सकती है।

शहर के मुख्य मार्ग के एक हिस्से में पहले से डिवाइडर बना हुआ है। अब अंबेडकर चौक से मुख्य मार्ग तक लाइट एवं विज्ञापन युक्त यूनिपोल लगाने के लिए नए डिवाइडर निर्माण की तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सडक़ के किनारों पर अतिक्रमण और पार्किंग के कारण पहले ही सडक़ संकरी हो चुकी है। ऐसे में बीच में डिवाइडर बनने से वाहनों की आवाजाही और कठिन हो सकती है।

कुछ नागरिकों ने बताया कि मुख्य मार्ग पर दिन में कई बार जाम की स्थिति बनती है। लोगों का कहना है कि पहले अतिक्रमण हटाने और पार्किंग व्यवस्था सुधारने की आवश्यकता है।

 सडक़ किनारे अतिक्रमण और पार्किंग की समस्या

अंबेडकर चौक से बेसिक स्कूल तक सडक़ किनारे ठेले, आइसक्रीम गाडिय़ां और अन्य अस्थायी दुकानें लगी रहती हैं। सहकारी बैंक के सामने पार्किंग व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण वाहन सडक़ तक खड़े हो जाते हैं। दशहरा मैदान क्षेत्र में भी फुटपाथ पर दुकानें और ठेले लगने से पैदल चलने वालों को सडक़ पर चलना पड़ता है। बस स्टैंड और एफसीआई गोदाम क्षेत्र में ट्रकों और बसों की आवाजाही के कारण यातायात दबाव बढऩे की बात स्थानीय लोगों ने कही।

इस मार्ग पर कलेक्ट्रेट, न्यायालय, थाना, अस्पताल, बैंक और स्कूल जैसे प्रमुख संस्थान स्थित हैं, जिससे प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही रहती है।

अतिक्रमण हटाने का अभियान बीच में थमने का आरोप

स्थानीय लोगों ने कहा कि कुछ समय पहले नगर पालिका और प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की थी। शुरुआती दिनों में कुछ अस्थायी कब्जे हटाए गए, लेकिन बाद में अभियान धीमा पड़ गया। लोगों का आरोप है कि फुटपाथ और सडक़ किनारे फिर से दुकानें और ठेले लग गए हैं। कुछ नागरिकों ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर फुटपाथ का उपयोग किराए पर दिए जाने जैसी स्थिति है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

अतिक्रमण हटाने जल्द चलेगा अभियान- नपाध्यक्ष

नगरपालिका अध्यक्ष अशोक जैन ने कहा कि मुख्य मार्ग से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जल्द शुरू की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यूनिपोल और डिवाइडर निर्माण का उद्देश्य शहर की यातायात व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाना है। उनके अनुसार इससे सडक़ सुरक्षा में सुधार होने की उम्मीद है।


अन्य पोस्ट