बलौदा बाजार

नेशनल लोक अदालत में 40 हजार मामले निपटे
10-May-2026 3:29 PM
नेशनल लोक अदालत में  40 हजार मामले निपटे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 10 मई। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में वर्ष 2026 की द्वितीय नेशनल लोक अदालत का आयोजन 9 मई को किया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलौदाबाजार अब्दुल जाहिद कुरैशी के मार्गदर्शन में हुआ। उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर न्यायाधीशगण, न्यायालय कर्मचारी, स्वास्थ्य विभाग एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कुटुंब न्यायालय बलौदाबाजार में गठित खंडपीठ के पीठासीन अधिकारी राजभान सिंह द्वारा 16 प्रकरणों का निराकरण किया गया। इनमें एक प्रकरण भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 144 के तहत भरण-पोषण से संबंधित था। न्यायालय की समझाइश के बाद दोनों पक्ष साथ रहने के लिए सहमत हुए। साथ ही जमीन से संबंधित ऋण पुस्तिका आवेदिका को प्रदान करने पर भी सहमति बनी, जिसके बाद प्रकरण का निराकरण राजीनामे के आधार पर किया गया।

जिला न्यायालय, ट्रैफिक चालान, अन्य पीटी प्रकरणों एवं राजस्व न्यायालयों सहित कुल 44,930 प्रकरण नेशनल लोक अदालत में रखे गए थे। इनमें से 40,380 प्रकरणों का निराकरण किया गया। लोक अदालत में आए पक्षकारों के लिए जिला मुख्यालय बलौदाबाजार के अलावा व्यवहार न्यायालय सिमगा, भाटापारा और कसडोल में नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच की व्यवस्था की गई थी। इसमें जिला अस्पताल बलौदाबाजार की सहभागिता रही। कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पुलिस प्रशासन द्वारा की गई। वहीं, नेशनल लोक अदालत में राजीनामा करने वाले पक्षकारों को पीठासीन अधिकारियों द्वारा नि:शुल्क फलदार पौधों का वितरण भी किया गया।


अन्य पोस्ट