बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
भाटापारा, 9 मई। रायपुर रेल मंडल के अंतर्गत भाटापारा रेलवे स्टेशन के पास अंडरब्रिज क्षेत्र में रेलवे प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई बजरंग बली मंदिर के पीछे स्थित एक होटल के सामने रेलवे भूमि पर किए गए कथित अनधिकृत निर्माण को लेकर की गई।
जानकारी के अनुसार, रेलवे प्रशासन का कहना है कि होटल संचालक द्वारा नाली के ऊपर भट्टी, नल और अन्य पक्के निर्माण किए गए थे। इसके अलावा सडक़ किनारे टीन शेड लगाकर बैठने की व्यवस्था भी बनाई गई थी। प्रशासन के अनुसार, इससे रास्ता संकरा हो गया था और आवागमन प्रभावित हो रहा था।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बरसात के दौरान नाली अवरुद्ध होने से पानी सडक़ और अंडरब्रिज की ओर भर जाता था, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी होती थी। कुछ लोगों ने मंदिर परिसर के आसपास के स्वरूप को प्रभावित होने की बात कही है।


