बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 9 मई। जिला मुख्यालय से लगे ग्राम सोनपुरी में नहर की सफाई और रखरखाव को लेकर ग्रामीणों ने नाराजगी जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि नहर में अवरोध और पर्याप्त सफाई नहीं होने के कारण पानी खेतों और निचले इलाकों के कुछ घरों में घुस रहा है।
जानकारी के अनुसार, गर्मी के मौसम में छुहिया जलाशय को भरने के लिए बलौदाबाजार शाखा नहर से निकली माइनर कैनाल के माध्यम से पानी छोड़ा जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि माइनर कैनाल में अवरोध होने से पानी का प्रवाह प्रभावित हो रहा है और पानी जलाशय तक पहुंचने के बजाय आसपास के क्षेत्रों में फैल रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से इस संबंध में विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को सूचना दी गई है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक अवरोध हटाने की कार्रवाई नहीं हुई थी।
ज्ञात हो कि पहले भी कुछ स्थानों पर नहर से पानी छोड़े जाने के दौरान खेतों में पानी बहने की स्थिति बनी थी। स्थानीय लोगों के अनुसार, बाद में विभाग ने संबंधित स्थानों पर मरम्मत कराया था।
छुहिया जलाशय को जिला मुख्यालय और आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण बताया जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस जलाशय से जुड़े तालाबों और जलस्रोतों के भरने से गर्मी के मौसम में भूजल स्तर बनाए रखने में मदद मिलती है। इस संबंध में जल संसाधन विभाग के अनुविभागीय अधिकारी श्री जांगड़े ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से जानकारी मिली है। उनके अनुसार, कर्मचारियों को भेजकर जल आपूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने का प्रयास किया जाएगा।