बलौदा बाजार

21 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधे
09-May-2026 3:52 PM
21 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह बंधन में बंधे

छत्तीसगढ़ संवाददाता

बलौदाबाजार, 9 मई। शुक्रवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत एक भव्य सामूहिक विवाह समारोह आयोजित किया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा गायत्री मंदिर परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में 21 जोड़े वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच विवाह बंधन में बंधे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।

समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा गोलू जायसवाल विशेष रुप से मौजूद रहीं, उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सामूहिक विवाह जैसे आयोजन समाज में समानता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि इस योजना से आर्थिक रुप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है और बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न हो पाता है।

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने कहा कि सामूहिक विवाह योजना फिजूलखर्ची और दिखावे जैसी सामाजिक कुरीतियों को कम करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है, शासन की इस पहल से जरुरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग के साथ सामाजिक सम्मान भी मिल रहा है।

विवाह समारोह में नवदंपत्तियों को परिधान सामग्री भेंट की गई और उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की गई। आयोजन को सफल बनाने में हरिराम वर्मा सहित गायत्री परिवार के सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।


अन्य पोस्ट