बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 7 मई। केंद्रीय उडऩदस्ता और खनिज विभाग की संयुक्त टीम ने मंगलवार और बुधवार को रायपुर जिले के आरंग तहसील क्षेत्र के चिखली, कुरूद और हरदीडीह रेत घाटों में कार्रवाई की। अधिकारियों के अनुसार, यह कार्रवाई खनिज सचिव पी. दयानंद और संचालक रजत बंसल के निर्देश पर की गई।
विभाग के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से रेत खनन में उपयोग की जा रही 12 चेन माउंटेड मशीनों को जब्त किया गया। साथ ही, निर्धारित क्षमता से अधिक पाए गए रेत भंडारण को सील कर संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, टीम ने मौके पर पहुंचकर ड्रोन कैमरे की मदद से रेत घाटों और भंडारण क्षेत्रों का सर्वे किया। इस दौरान खनन गतिविधियों और रेत भंडारण से संबंधित वीडियो एवं तस्वीरें एकत्र की गईं। कार्रवाई बुधवार देर रात तक जारी रही।
विभाग ने बताया कि दूसरे चरण में चिखली, कुरूद और समोदा क्षेत्र के भंडारण डिपो की जांच की गई। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर स्वीकृत सीमा से अधिक रेत भंडारण पाए जाने का दावा किया गया। इसके बाद संबंधित स्टॉक को जब्त कर कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
बताया गया है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं।
केंद्रीय टीम के अधिकारी पी. चंद्राकर ने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई की गई है और जब्त सामग्री तथा भंडारण की जांच जारी है।


