बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 7 मई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जनगणना के कार्यो को लेकर सख्त कदम उठाया है। जनगणना कार्य में जुटे कर्मचारियों के साथ दुव्र्यवहार और मारपीट करने वालों के खिलाफ अब कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में सीधे एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। इस संबंध में जनगणना कार्य निदेशालय द्वारा स्पष्ट परिपत्र जारी किया गया है। जारी निर्देश में कहा गया है कि, जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 5 के तहत जनगणना कार्य में संलग्न सभी अधिकारी एवं कर्मचारी भारतीय दंड संहिता के अनुसार लोक सेवक माने जाएंगे। ऐसे में उनके साथ अभद्रता, मारपीट या कार्य में बाधा डालना गंभीर अपराध की श्रेणी में आएगा।
शासकीय काम में न करें बाधा उत्पन्न
परिपत्र के अनुसार, जनगणना अधिनियम 1948 की धारा 11 के तहत यदि कोई व्यक्ति जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों को उनके कर्तव्यों के निर्वहन में बाधित करता है या शासकीय कार्य में व्यवधान उत्पन्न करता है, तो उसके खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।
प्रशासन ने आम नागरिकों से की अपील
प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि, जनगणना कार्य में सहयोग करें और कर्मचारियों के साथ सम्मानजनक व्यवहार रखें, ताकि यह महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
इन 33 सवालों का देना होगा जवाब
जनगणना के दौरान प्रगणक आपके घर आकर मुख्य रूप से 33 श्रेणियों में जानकारी मांगेंगे। इसमें मकान की बनावट से लेकर आपके पास मौजूद इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स तक की जानकारी शामिल होगी। इसके साथ ही ये सवाल पूछे जाएंगे। मकान की स्थिति: भवन और जनगणना मकान नंबर, फर्श, दीवार और छत में प्रयुक्त सामग्री, तथा मकान की वर्तमान हालत । पीने के पानी का मुख्य स्रोत और उसकी उपलब्धता, शौचालय का प्रकार, गंदे पानी की निकासी और स्नानगृह की सुविधा। क्या घर में रसोईघर है? एलपीजी या पीएनजी कनेक्शन की स्थिति और खाना पकाने के लिए इस्तेमाल होने वाला मुख्य ईंधन । परिवार के मुखिया का नाम, लिंग, जाति (एससी, एसटी, अन्य) और परिवार में रहने वाले कुल व्यक्तियों एवं विवाहित जोड़ों की संख्या। परिवार द्वारा मुख्य रूप से खाया जाने वाला अनाज । इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, रेडियो, ट्रांजिस्टर, टेलीविजन, लैपटॉप या कंप्यूटर की उपलब्धता । संचार: इंटरनेट सुविधा, टेलीफोन, मोबाइल या स्मार्टफोन और केवल जनगणना संबंधी सूचना के लिए मोबाइल नंबर भी लिया जाएगा।


