बलौदा बाजार

जल संरक्षण उन्नयन के लिए सिरहुट वृक्ष का परीक्षण करने मदकूद्वीप पहुंचा दल
07-May-2026 3:54 PM
जल संरक्षण उन्नयन के लिए सिरहुट वृक्ष का परीक्षण करने मदकूद्वीप पहुंचा दल

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

भाटापारा, 6 मई। एडवर्ड ओ विल्सन के बायोफिलिया  सिध्दांत के अनुसार मनुष्य अवचेतन रुप से शेष जीवित प्रकृति के साथ संबंध तलाशता है उसी तरह अन्य विद्वानों का कहना है कि प्रकृति अक्सर माता एवं पोषण करने वाली शक्ति के रुप मे देखा गया है जो पेड़ पौधों हवा पानी के माध्यम से संतुलन का पाठ पढ़ाती है, विद्वानों की नजर मे प्रकृति एक शाश्वत मित्र शिक्षक एवं प्रेरणा का स्त्रोत है।

वर्तमान समय प्राकृतिक असंतुलन के रुप मे स्पष्ट रुप से परिलक्षित हो रही है, भीषण ग्रीष्म के इस मौसम मे इसकी पीड़ा स्पष्ट रुप से अभिव्यक्त हो रही है तथा जीवनदायनी तत्व जल का निरंतर गिरता स्तर तथा जल संकट की बढ़ती परिस्थिति प्राकृतिक असंतुलन के विकट उदाहरण के रुप में प्रस्तुत हो रही है। प्रकृति के बिगड़ते स्वरुप की विभिन्न वजहें है जिसकी चर्चा अन्वेषण एवं समीक्षा का दौर भी जारी है। साथ ही साथ प्रकृति के इस प्रकोप से मुक्ति के लिए प्रकृति को मित्र प्रेरणा एवं शिक्षक के भाव के साथ अंगीकार करते हुए प्रकृति मे ही इस पीड़ा के निदान के लिए प्रयास की कड़ी प्रारंभ होती हुई नजर आ रही है।

ईशान कोण पर स्थिति महत्वपूर्ण पुरातत्व वैभव का स्थल मदकूद्वीप जो सदानीरा शिवनाथ नदी में स्थित है। विभिन्न औषधीय वृक्षों से आच्छादित इस स्थल में सिरहुट जैसे वृक्ष भी बड़े पैमाने पर दिखाई देते है। इस वृक्ष के संबंध में यह मान्यता है कि जल संवर्धन एवं जल उन्नयन में इस वृक्ष की अहम भूमिका होती है, वर्तमान विकट परिस्थिति के मद्देनजर इस वृक्ष का गुण इस दिशा में अहम राहत का संदेश दे रही है। लिहाजा उक्त मान्यता को प्रमाणिकता की कसौटी पर कसने के लिए भाटापारा कृषि महाविद्यालय डीन एच एल सोनबोइर के नेतृत्व में प्रकृति प्रेमियों का दल मदकूद्वीप पहुंचा एवं विभिन्न पहलुओं से सिरहुट वृक्ष का निरीक्षण एवं परीक्षण किया गया। इस दल में कृषि महाविद्यालय डीन सहित गौरीशंकर शर्मा,मुकेश शर्मा,हरिहर शर्मा, एवं राधिका साहू प्रमुख रुप से शामिल थे

कृषि महाविद्यालय डीन का कथन

जड़ तने छाल पत्ती मिट्टी एवं आसपास के वातावरण जैसे विभिन्न पहलुओं पर निरीक्षण एवं परीक्षण की कड़ी संपन्न होने के पश्चात वृक्ष की विशेषता पर अपनी अभिव्यक्ति देते हुए कृषि महाविद्यालय डीन एच एल सोनबोइर का कहना है कि सिरहुट के खुरदुरे पत्ते स्पष्ट रुप से ऐहसास करा रहें है कि इस वृक्ष के द्वारा जल का उत्सर्जन कम होता है जो कि जल संचयन का अहम उदाहरण है।

इसके अलावा यह कम जल मे ही तैयार होने वाला वृक्ष है क्योकि इसकी प्रगति धीरे धीरे होती है और धीरे गति से प्रगति करने वाले पौधे कम जल का अवशोषण करते है,वृक्ष की घनीदार पत्तियां जमीन मे गहन छांव रखती है जिससे जमीन की नमी बरकरार रहती है जो जल स्तर को संतुलित रखती है,सार्वजनिक प्रतिष्ठानों या अन्य स्थलों मे समूह रुप मे इस वृक्ष को लगाकर प्रकृति संवर्धन मे सकरात्मक परिणाम प्राप्त किया जा सकता है, उन्होने यह भी कहा कि कोई भी वृक्ष जल स्तर नहीं बढ़ा सकती लेकिन जल स्तर को संतुलित करने की दिशा मे अहम भूमिका जरुर अदा कर सकती है, सिरहुट वृक्ष की प्रकृति एवं स्वरुप के अनुसार जल संतुलन मे भूमिका के गुण नजर आते हुए प्रतीत हो रहें है।


अन्य पोस्ट