बलौदा बाजार

भाजपा कार्यालय में जश्न, नेताओं ने कहा विकास और सुशासन की जीत
07-May-2026 2:56 PM
भाजपा कार्यालय में जश्न, नेताओं ने कहा विकास और सुशासन की जीत

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 7 मई। असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव परिणामों के बाद स्थानीय भाजपा कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इसमें पार्टी नेताओं ने चुनाव नतीजों पर अपनी प्रतिक्रिया दी।

प्रेस वार्ता में वरिष्ठ नेता गौरीशंकर अग्रवाल और शिवरतन शर्मा ने परिणामों को जनता का स्पष्ट जनादेश बताते हुए इसे विकास और सुशासन की जीत बताया। उन्होंने कहा कि देश की जनता विकास आधारित राजनीति को स्वीकार कर रही है।

नेताओं ने पश्चिम बंगाल के चुनाव परिणामों पर कहा कि वहां जनता ने बदलाव का समर्थन किया है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा को बहुमत प्राप्त हुआ है। इस संबंध में आधिकारिक आंकड़ों की पुष्टि चुनाव आयोग के परिणामों से की जानी शेष है।

असम में भाजपा की लगातार तीसरी बार सरकार बनने पर नेताओं ने कहा कि यह परिणाम केंद्र सरकार की नीतियों पर जनता के भरोसे को दर्शाता है। पुडुचेरी में एनडीए समर्थित सरकार बनने और केरल में पार्टी को सीटें मिलने को भी उन्होंने महत्वपूर्ण बताया।

तमिलनाडु के संदर्भ में नेताओं ने कहा कि वहां भी राजनीतिक बदलाव के संकेत मिले हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेताओं ने कहा कि चुनाव परिणामों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह के नेतृत्व पर जनता का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को देते हुए उनके प्रयासों का उल्लेख किया।

नेताओं ने चुनाव आयोग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। साथ ही भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी को भी याद किया। प्रेस वार्ता  में जिला अध्यक्ष आनंद यादव, प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष सुलोचना यादव, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुनीता वर्मा, डॉ. अजय राव और मीडिया प्रभारी आलोक अग्रवाल सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट