बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 6 मई। सिमगा ब्लॉक के चक्रवाय गांव में हाल ही में हुई भूस्खलन से अचानक जमीन धंसने से किसान की खेती वाली जमीन का बड़ा हिस्सा गहरे गड्ढे में समा गया, जिससे ग्रामीणों में डर और चिंता बढ़ गई है।
खेती की जमीन बनी खाई
बताया जा रहा है कि 30 अप्रैल की रात एक किसान के खेत में अचानक जमीन धंस गई। देखते ही देखते वहां लगभग 40 फीट चौड़ा और 40 फीट गहरा गड्ढा बन गया। इस अप्रत्याशित घटना में किसान की उपजाऊ भूमि का बड़ा हिस्सा प्रभावित हुआ है, जिससे उसे भारी नुकसान उठाना पड़ा। भाटापारा क्षेत्र के विधायक इंदर साव ने घटना की गंभीरता को समझते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने प्रभावित ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चर्चा भी की। निरीक्षण के दौरान विधायक ने भूगर्भ विभाग की टीम को तत्काल बुलाकर वैज्ञानिक जांच कराने के निर्देश दिए है। उनका कहना है कि इस तरह की घटनाओं के पीछे के कारणों को समझना जरुरी है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि जमीन के अंदर लगातार हलचल महसूस हो रही है, जिससे और भूस्खलन होने की आशंका बनी हुई है। प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और जरूरी एहतियाती कदम उठाने की तैयारी में है।