बलौदा बाजार

सोलर प्लांट में सेंधमारी, गिरफ्तार
04-May-2026 8:33 PM
सोलर प्लांट में सेंधमारी, गिरफ्तार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 4 मई। केसडबरी स्थित सोलर पावर प्लांट में हुई बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब 4 लाख 50 हजार रुपए के उपकरण चोरी होने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका साथी अभी भी फरार है। इस घटना ने न केवल स्थानीय प्रशासन को अलर्ट कर दिया है, बल्कि यह भी दिखा दिया है कि निर्माणाधीन प्रोजेक्ट्स में सुरक्षा की जरा सी चूक भारी नुकसान में बदल सकती है।

ग्राम केसडबरी में पिछले छह महीनों से सोलर पावर प्लांट का निर्माण कार्य चल रहा है. इसी दौरान 1 मई 2026 को अज्ञात आरोपियों ने प्लांट से एक इनवर्टर का केबल और सोलर पैनल चोरी कर लिया। चोरी यहीं नहीं रुकी, उसके बाद 2 मई की रात आरोपियों ने फिर वारदात को अंजाम दिया और चार इनवर्टरों के केबल वायर उड़ा ले गए। दो दिनों में की गई इस सुनियोजित चोरी से प्लांट प्रबंधन को लगभग 4.50 लाख रुपए का नुकसान हुआ।

इस संबंध में राधा विहार कॉलोनी निवासी प्रार्थी गुलबेद खान ने सिटी कोतवाली थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया और टीम गठित कर आरोपियों की तलाश तेज की गई।

सिटी कोतवाली थाना के थाना प्रभारी लखेश केंवट ने बताया कि सोलर पावर प्लांट में हुई चोरी की घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की गई। उन्होंने कहा कि सुरक्षा गार्डों से मिली सूचना और मौके पर जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए एक आरोपी संतोष देवार को हिरासत में लिया, जिसने पूछताछ में अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया है.

आरोपी की निशानदेही पर चोरी गया केबल वायर का कुछ हिस्सा बरामद किया गया है और घटना में इस्तेमाल औजार भी जब्त किए गए हैं. इस केस में शामिल दूसरा आरोपी अभी फरार है।

 जिसकी तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट