बलौदा बाजार

आरटीई सीटों में कमी, इस साल 611 सीटों पर ही लॉटरी
04-May-2026 2:28 PM
आरटीई सीटों में कमी, इस साल 611 सीटों पर ही लॉटरी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 4 मई। बलौदाबाजार जिले में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत निजी स्कूलों में प्रवेश की प्रक्रिया में इस वर्ष बदलाव किया गया है। नए नियमों के बाद सीटों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।

जिला शिक्षा विभाग के अनुसार, पिछले सत्र में जहां कुल 2134 सीटें उपलब्ध थीं, वहीं इस वर्ष यह संख्या घटकर 611 रह गई है। इस तरह करीब 1523 सीटों की कमी आई है।

अधिकारियों के मुताबिक, इसका मुख्य कारण नर्सरी और केजी कक्षाओं को आरटीई दायरे से बाहर करना है। अब केवल कक्षा पहली में ही प्रवेश दिया जा रहा है।

इस वर्ष जिले में 1790 आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनमें से जांच के बाद 1370 आवेदन पात्र पाए गए। 17 अप्रैल को पहली लॉटरी निकाली गई, जिसमें 611 सीटों के लिए 457 बच्चों का चयन हुआ। शेष 766 बच्चे प्रतीक्षा सूची में हैं।

अधिकारियों के अनुसार, पूर्व में कुछ स्कूलों द्वारा सीटों की संख्या अधिक दिखाने की शिकायतें सामने आई थीं। इसके बाद पारदर्शिता के लिए केवल कक्षा पहली को आधार बनाया गया है।

इस बदलाव का असर स्कूलों की संख्या पर भी पड़ा है। पिछले वर्ष जहां 250 से अधिक निजी स्कूल पंजीकृत थे, वहीं इस वर्ष यह संख्या घटकर करीब 200 रह गई है। लगभग 50 स्कूल इस बार आरटीई प्रक्रिया में शामिल नहीं हैं।

अधिकारियों के मुताबिक, इसका मुख्य कारण नर्सरी और केजी कक्षाओं को आरटीई दायरे से बाहर करना है। अब केवल कक्षा पहली में ही प्रवेश दिया जा रहा है।

आगामी चरणों के लिए विभाग ने समय-सीमा भी तय की है। दूसरे चरण में जून और जुलाई में पुन: आवेदन, सत्यापन और लॉटरी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि प्रवेश अगस्त तक दिए जाएंगे।

जिला शिक्षा अधिकारी हिमांशु भारती ने बताया कि पहली लॉटरी के बाद रिक्त सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि सीटों की संख्या बढ़ाने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है, हालांकि इस संबंध में अंतिम निर्णय शासन स्तर पर लिया जाएगा।


अन्य पोस्ट