बलौदा बाजार
विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 1 मई। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बलौदाबाजार जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने कलेक्टर कुलदीप शर्मा से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने राज्य मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले जिज्ञासु वर्मा सहित जिले के टॉप-10 में शामिल छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
जिला कलेक्ट्रेट में आयोजित सम्मान समारोह में कलेक्टर ने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंटकर उनकी उपलब्धियों की सराहना की। इस अवसर पर 12वीं बोर्ड में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करने वाले जिज्ञासु वर्मा एवं मेरिट सूची में 9वां स्थान प्राप्त करने वाले नितेश देवानंद समेत 10वीं और 12वीं के अन्य मेधावी छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों के साथ आत्मीय चर्चा की और उनके करियर, भविष्य की योजनाओं और सफलता के अनुभव साझा किए। कई विद्यार्थियों ने भविष्य में डिप्टी कलेक्टर बनने का सपना साझा किया, जिस पर कलेक्टर ने उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने की प्रेरणा दी।
कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने कहा कि, सफलता पाने के लिए स्पष्ट लक्ष्य, अनुशासन और निरंतर प्रयास आवश्यक है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि, जीवन में कठिन परीक्षाएं और चुनौतियां आएंगी, लेकिन दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ते रहने पर सफलता निश्चित मिलती है।
सम्मान समारोह के बाद कलेक्टर ने सभी मेधावी विद्यार्थियों के साथ दोपहर का भोजन भी किया और उनके सवालों के जवाब दिए। विद्यार्थियों ने भी दिल खोलकर कलेक्टर से बात की। विद्यार्थियों ने कलेक्टर के साथ बिताए इस विशेष पल को प्रेरणादायक बताते हुए खुशी जाहिर की।
यह आयोजन जिले के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उन्हें आगे बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विशेष रूप से सीईओ जिला पंचायत दिव्या अग्रवाल जिला शिक्षा अधिकारी संजय गुहे सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी सहित छात्र-छात्राओं के परिजन उनके स्कूल के शिक्षक उपस्थित रहे।


