बलौदा बाजार

अवैध रेत खुदाई की शिकायतें, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग
01-May-2026 4:51 PM
अवैध रेत खुदाई की शिकायतें, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 1 मर्ई। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के ग्राम पंचायत तिल्दा के पाल कछार क्षेत्र में महानदी से रेत खनन को लेकर ग्रामीणों ने अवैध गतिविधियों का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने प्रशासन को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, क्षेत्र में बिना अनुमति रेत खनन और परिवहन किया जा रहा है। उनका कहना है कि इसके लिए नदी तट पर अस्थायी मार्ग (रैंप) तैयार किया गया है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से रेत का परिवहन हो रहा है।

ग्रामीणों ने बताया कि 15, 16 और 28 अप्रैल को कलेक्टर, खनिज विभाग और तहसील कार्यालय में लिखित शिकायतें दी गईं, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि रेत को गांव की शासकीय भूमि पर डंप किया जा रहा है। साथ ही, भारी वाहनों की आवाजाही से ग्रामीण मार्गों की स्थिति प्रभावित हो रही है और स्कूल व आंगनबाड़ी के पास से वाहनों के गुजरने पर सुरक्षा संबंधी चिंता जताई गई है।

कुछ ग्रामीणों का दावा है कि खनन और परिवहन मुख्य रूप से शाम से सुबह तक किया जाता है, जबकि दिन के समय भी वाहनों की आवाजाही देखी जा रही है।

ग्रामीणों ने अनुमान जताया है कि इस गतिविधि से शासन को राजस्व का नुकसान हो सकता है। हालांकि, इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है।

मामले में खनिज विभाग के अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका। प्रशासन की ओर से इस मामले में क्या कार्रवाई की गई है, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


अन्य पोस्ट