बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 30 अप्रैल। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं बोर्ड परीक्षा के बुधवार को घोषित परिणामों में बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पलारी निवासी जिज्ञासु वर्मा ने पूरे प्रदेश में 98.60 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया है।
बचपन से ही मेधावी रहे जिज्ञासु
जिज्ञासु वर्मा शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं। उन्होंने कक्षा 10वीं और 11वीं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए शानदार अंक अर्जित किए थे। वे सरस्वती शिशु मंदिर, पलारी के प्रतिभाशाली छात्र रहे हैं और अपनी मेहनत, लगन एवं अनुशासन के बल पर यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
किराना दुकान चलाते हैं जिज्ञासु के पिता
जिज्ञासु के पिता नरेंद्र वर्मा पलारी में किराना व्यवसाय संचालित करते हैं, जबकि उनकी माता महेश्वरी वर्मा शासकीय शिक्षिका हैं और ग्राम कूकदा में प्रधान पाठक के पद पर पदस्थ हैं। परिवार के संस्कार, शिक्षकों के मार्गदर्शन और स्वयं की कठिन मेहनत ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।
घर पर बधाई देने वालों का लगा तांता
जैसे ही जिज्ञासु के प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करने की सूचना मिली, उनके निवास पर बधाई देने वालों का तांता लग गया। हालांकि जिज्ञासु आज नतीजे घोषित होने के समय अपने घर में नहीं है वह अपने मम्मी पापा के साथ आगे की पढ़ाई के सिलसिले में रायपुर गए हुए थे। सरस्वती शिशु मंदिर के शिक्षकगण, विद्यालय प्रमुख ओमप्रकाश वर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि तथा उनके पुश्तैनी गांव गड़ा कुसमी के ग्रामीण बड़ी संख्या में पहुंचकर उन्हें शुभकामनाएं दे रहे हैं।
विधायक पहुंचे बधाई देने
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और कसडोल विधायक संदीप साहू ने भी जिज्ञासु वर्मा एवं उनके निवास पहुंचकर इस शानदार सफलता पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जिज्ञासु वर्मा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बलौदा बाजार जिले के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय बन गई है। उनकी सफलता जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी एक प्रेरणास्रोत साबित होगी।


