बलौदा बाजार
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बलौदाबाजार, 28 अप्रैल। खाद्य पदार्थों के सघन जांच अभियान के पहले दिन सोमवार को संयुक्त जांच टीम ने एनॉलाग पनीर का निर्माण अमानक रूप से पाए जाने के कारण100 किलोग्राम पनीर को नष्ट करवाया गया तथा फर्म को आगामी आदेश तक सील किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार एसडीएम सिमगा के नेतृत्व में अमृतमय फूड्स प्रा. लि. ग्राम औरेठी तहसील सिमगा का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान अस्वस्थकर दशा में एनॉलाग पनीर का निर्माण किया जा रहा था, जिसके कारण एनॉलाग पनीर का नमूना संकलन कर विश्लेषण हेतु खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा गया है।
जांच रिपोर्ट प्राप्त होने उपरान्त आगे की कार्रवाई की जाएगी। मौके पर लगभग 100 किलोग्राम पनीर को नष्ट करवाया गया तथा सयुंक्त दल द्वारा फर्म को आगामी आदेश तक सील किया गया।
उल्लेखनीय है कि जिले के नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त खाद्य एवं औषधि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 27 अप्रैल से 11 मई तक 15 दिवसीय सघन जांच अभियान संचालित किया जाएगा है। यह अभियान ‘सही दवा शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार’ थीम के अंतर्गत संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने सघन जांच अभियान हेतु खाद्य एवं औषधि प्रशासन, राजस्व तथा पुलिस क़ी संयुक्त टीम गठित किया है।


