बलौदा बाजार

जिपं सभा में महिला आारक्षण बिल लोस में पारित न होने पर निंदा प्रस्ताव पारित
28-Apr-2026 2:29 PM
जिपं सभा में महिला आारक्षण बिल लोस में पारित न होने पर निंदा प्रस्ताव पारित

छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बलौदाबाजार, 28 अप्रैल। जिला पंचायत बलौदाबाजार में सामान्य सभा की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा गोलू जायसवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक की शुरुआत मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिव्या अग्रवाल द्वारा पूर्व बैठक के पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के साथ हुई।

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, क्रेडा विभाग, खाद्य विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सडक़ योजना और जल संसाधन विभाग सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान कुछ विभागों के प्रमुख अधिकारियों के स्थान पर प्रतिनिधियों की उपस्थिति पर जनप्रतिनिधियों ने नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में अन्य विषयों पर चर्चा के दौरान जिला पंचायत के भारतीय जनता पार्टी के सदस्यों ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम से संबंधित संशोधनों के लोकसभा में पारित नहीं होने पर आपत्ति जताते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया। इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए सदस्यों ने हस्ताक्षर भी किए।

इस संबंध में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा गोलू जायसवाल ने कहा कि उनके अनुसार यह संशोधन महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में प्रतिनिधित्व देने से जुड़ा है और इस विषय पर अलग-अलग राजनीतिक दलों के विचार सामने आए हैं।

बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष पवन साहू, ईशान वैष्णव, डॉ. मोहन लाल वर्मा, राजा जायसवाल, महेंद्र मोनू साहू, अमर कुमार ध्रुव, दामिनी कुंजाम, गायत्री बरिहा, रवि बंजारे, सुनीता देवांगन, शैलेन्द्र बंजारे, संतोष वैष्णव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट